जोधपुर में पुलिस की बीट व्यवस्था होगी और मजबूत
उच्च अधिकारियों ने की समीक्षा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर में पुलिस की बीट व्यवस्था होगी और मजबूत। पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (पूर्व एवं पश्चिम),अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तथा सहायक पुलिस आयुक्तों की बैठक आयोजित की। बैठक में शहर के थानों की बीट व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान समीक्षा में सामने आया कि बीट कांस्टेबल अपने- अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर अपराध नियंत्रण के लिए बीट वैरिफिकेशन कर रहे हैं। बीट क्षेत्रों में निवासरत हिस्ट्रीशीटर,हार्डकोर एवं चालानशुदा अपराधियों का सत्यापन कर उनका डाटा सीसीटीएनएस पर अपलोड किया जा रहा है।
अपराधियों की डिजिटल प्रोफाइल तैयार की जा रही है,जिसमें उनका फोटो,निवास स्थान और अन्य विस्तृत जानकारी शामिल है। इसके अतिरिक्त राजकॉप ऐप के माध्यम से वांछित अपराधियों के फोटो का मिलान भी किया जा रहा है। बीट कांस्टेबल अपने क्षेत्र के नागरिकों से संपर्क स्थापित कर उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं।
सब्जी मंडी परिसर में रील बनाते बोलेरो पलटी
पुलिस द्वारा घरेलू नौकरों, किरायेदारों आदि का डोर-टू-डोर सर्वे भी किया जा रहा है। बीट क्षेत्र में रहने वाले बुजुर्गों और कमजोर वर्ग के लोगों से विशेष संपर्क कर उनकी समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में यह भी बताया गया कि पुलिस उपायुक्त,अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त स्वयं बीट क्षेत्रों में जाकर वैरिफिकेशन कार्य की निगरानी कर रहे हैं, जिससे व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
