3 लूट, 216 घंटे,100 पुलिस कर्मी और 13 लुटेरे:9वें दिन भी पुलिस के हाथ खाली
लुटेरे भूमिगत, पुलिस जमीन पर मार रही हाथ पैर
जोधपुर, कमिश्ररेट में 9 दिन पहले करवड़, शास्त्रीनगर और राजीव गांधी नगर क्षेत्र में तीन बड़ी लूट की वारदातें हुई। घटनाओं को 216 से ज्यादा घंटे बीत चुके हैं। पुलिस की कई टीमें जिनमें तकरीबन सौ पुलिस कर्मी लगे हैं। लूट की वारदातों में 13 से 15 लोग शाामिल थे। मगर अब तक एक भी लुटेरा पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। पुलिस इनके जूतों, टोपियों, हाथ घड़ियों से पहचान के साथ ही आने जाने वाले रूटों पर खाक छान रही है। सप्ताह भर से ज्यादा टाइम हो गया और पुलिस ग्रामीण इलााकों में दर दर घूम रही है। ना लूट में प्रयुक्त बाइक का पता लगा। ना ही बोलेरो और ना ही उस हुंडई कार पुलिस पता लगा पाई।
कमिश्ररेट की तीनों लूट की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रही है। महानगर में अब बड़े अपराध सिर चढ़कर बोलने लगे हैं। शहर में गत बुधवार यानी 10 नवंबर से लेकर गत शनिवार के बीच तीन बड़ी लूट की घटनाएं हुई। मगर एक में भी अभी पुलिस को सफलता हाथ नहीं लग पाई है। पुलिस लुटेरों को पकड़ऩे के लिए खूब हाथ पैर मार रही है मगर सुराग भी नहीं ढूंढ पाई है। पुलिस के आलाधिकारी स्थानीय लुटेरों की आशंका में ग्रामीण क्षेत्रों में छानबीन कर रहे हैं। मगर ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। एक केस में तो संदिग्ध का फुटेज जारी कर पांच हजार का इनाम भी घोषित कर दिया गया।
बैंक लूट
10 नवंबर बुधवार को दिन दहाड़े गांगाणी में एसबीआई बैंक में घुसे दो नकाबपोश युवक चाकू और पिस्टल दिखाकर बैंक केशियर से 11.95 लाख रूपए लूट कर ले गए थे। इसमें एक सन्दिग्ध का फुटेज शनिवार को पुलिस ने जारी करते हुए पांच हजार का इनाम घोषित किया था। जिला पूर्व की विशेष टीम को इसे पकड़ऩे के लिए लगाया गया है। फिलहाल हाथ खाली है।
वेयर हाऊस कारोबारी के घर में लूट
इसी बुधवार यानी 10 नवंबर को ही ठीक नौ घंटे के अंतराल में शास्त्रीनगर ए सेक्टर में वेयर हाऊस कारोबारी महावीर कोठारी के घर में नकाब पहने घुसे चार लुटेरों ने डेढ़ लाख रूपए और दो रिंग ले गए थे। तीन मोबाइल भी लिए थे। मगर दो मोबाइल घर और एक पीएंडटी चौराहा पर फेंक गए थे। लुटेरे स्वीगी फास्ट फूड डिलीवर बॉय बनकर घुसे थे। एक बदमाश कार में ही बैठा रहा था। इसमें पांच लोग शामिल थे। पुलिस कार का भी पता नहीं लगा पाई। घर में घुसे बदमाश स्थानीय प्रतीत होने की आशंका में पुलिस चार दिनों से ग्रामीण इलाकों को छान रही है।
बेरू में एटीएम उखाड़ ले गए
उक्त दो घटनाओं के बाद अज्ञात बदमाश गत शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात निकटवर्ती बेरू गांव में बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम को उखाड़ कर ले गए। इसमें 25.72 लाख रूपए थे। एटीएम उखाड़ऩे की घटना आधी रात तकरीबन दो से ढाई घंटे बीच हुई थी। एक ग्रामीण ने बेरू बस स्टेण्ड पर संदिग्ध को देखा था मगर बताया जाता है कि उसे पिस्टल दिखा कर धमकाया गया था। तब वह वहां से चला गया। मगर उसने इस बारे में किसी को जानकारी नहीं दी। संदिग्ध बिना नंबर बोलेरो का भी पता अब तक नहीं चल पाया है।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews