जोधपुर, शहर की देवनगर पुलिस ने अवैध रूप से स्मैक बेच रही एक महिला को सोमवार रात को गिरफ्तार किया। उसके पास से पुलिस ने चार ग्राम स्मैक जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में केस बनाया है। अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि मुखबिरी सूचना मिली कि सिसोदिया गार्डन के निकट एक गली में महिला के पास से स्मैक बरामद हो सकती है। इस पर उन्होंने थाने के सबइंस्पेक्टर सर्जिल मलिक, कांस्टेबल पिंटू सिंह, बिरजू सिंह, सुरेश कुमार एवं महिला कांस्टेबल खुशबू को वहां भेजा। तब एक महिला संदिग्ध दिखी जो पुलिस को देख भागने का प्रयास करने लगी। इस पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। महिला के पास से चार ग्राम स्मैक जब्त की गई। महिला प्यारे मोहन चौराहा राजीव गांधी कॉलोनी निवासी सुमित्रा पत्नी अशोक विश्रोई को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया गया। उससे स्मैक के बारे में पूछताछ की जा रही है।