पॉलिटेक्निक कॉलेज में लगाई विवेकानंद पुस्तक प्रदर्शनी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पॉलिटेक्निक कॉलेज में लगाई विवेकानंद पुस्तक प्रदर्शनी। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय जोधपुर में रामकृष्ण मठ मिशन की 125वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चल-पुस्तकालय द्वारा स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक पुस्तक प्रदर्शनी,सह-बिक्री का आयोजन किया गया।
इस प्रदर्शनी में स्वामी विवेकानंद के जीवन,विचारों एवं दर्शन से संबंधित हिंदी एवं अंग्रेजी पुस्तकों का समृद्ध संग्रह प्रदर्शित किया गया।विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक इन पुस्तकों को देखा,पढ़ा तथा कई छात्रों ने अपने रुचिकर शीर्षकों की पुस्तकें क्रय भी कीं। इन पुस्तकों ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास,नैतिकता एवं जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.अजय माथुर ने विद्यार्थियों से कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण तथा राष्ट्रसेवा की भावना जागृत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञानार्जन के साथ-साथ स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। रामकृष्ण मठ,पुणे संस्था से आए विवेक एवं ओमप्रकाश का आभार व्यक्त किया,जिन्होंने इस प्रदर्शनी के सफल आयोजन में सहयोग दिया।
