जोधपुर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को जिला प्रभारी मंत्री एवं उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी और अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद ने जिला दर्शन पुस्तिका का विमोचन किया। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों की बैठक ली। जिला कलक्टर इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि जिला दर्शन पुस्तिका का जिला प्रशासन और सूचना एवं जन संपर्क कार्यालय द्वारा प्रकाशन किया गया है। पुस्तिका में विभिन्न विभागों के विकास कार्यो व उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है। रंगीन चित्रों के साथ ही दो वर्ष में हुए विकास कार्यो को शामिल किया गया है। इस पुस्तिका का प्रभारी मंत्री महेन्द्र चौधरी एवं अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद ने कलेक्ट्रेट सभागार में विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों की बैठक भी ली। बैठक में कोविड-19 महामारी से उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा, बजट घोषणा वर्ष 2019-20 व 2020-21 की समीक्षा, मुख्यमंत्री द्वारा महत्वपूर्ण घोषणाओं की समीक्षा, जोधपुर में प्रगतिरत विकास कार्यो की समीक्षा, विभिन्न विभागों की फ्लेगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा तथा अन्य विषयों पर चर्चा की। इस दौरान शहर विधायक मनीषा पंवार, लूणी विधायक महेंद्र विश्नोई, हीरालाल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।