तमिलनाडु में 3 करोड़ के जेवर चोरी करने वाले दो आरोपी जोधपुर में पकड़े

तमिलनाडु पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रवाना

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),तमिलनाडु में 3 करोड़ के जेवर चोरी करने वाले दो आरोपी जोधपुर में पकड़े। तमिलनाडु में ट्रेन से करीब तीन करोड़ रुपए कीमत के दो किलोग्राम सोने एवं हीरे के जेवरात चोरी करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को जीआरपी जोधपुर की विशेष टीम ने दस्तयाब किया है। दोनों आरोपियों की पूर्व में भी जोधपुर जीआरपी सहित देश के कई राज्यों में ट्रेन में चोरी की वारदातों में गिरफ्तारी हो चुकी है।

तमिलनाडु पुलिस ने जोधपुर पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उन्हें तमिलनाडु ले गई। पुलिस के अनुसार 24 जुलाई को मदुरै से चेन्नई के बीच चलने वाली आनंदपुरी एक्सप्रेस में यात्रियों के करीब तीन करोड़ रुपए कीमत के दो किलोग्राम सोने एवं डायमंड के आभूषण चोरी किए गए थे।

जोजरी में केमिकलयुक्त पानी छोड़ने वाली फैक्ट्री पकड़ी

इस संबंध में जीआरपी थाना विरुधाचलम,जिला त्रिचापल्ली, तमिलनाडु में प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले में वांछित आरोपी नीमतल खुशरूपुर, थाना खुशरूपुर,जिला पटना, बिहार निवासी अशोक कुमार कहार पुत्र रामवतार कहार और खुशरूपुर हाल हथुआ मार्केट, पटना निवासी रंजन कुमार उर्फ सुनील कुमार उर्फ विकास गुप्ता पुत्र रामचंद्र प्रसाद गुप्ता की तलाश की जा रही थी।

जोधपुर जीआरपी को मिली थी सूचना
तमिलनाडु जीआरपी से आरोपियों के जोधपुर में होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की। जीआरपी पुलिस अधीक्षक केवल राम ने वृत्ताधिकारी हरिराम सोनी के निर्देशन में थानाधिकारी मुक्ता पारीक के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए।

टीम ने लगातार निगरानी और तलाश अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को दस्तयाब कर इसकी सूचना तमिलनाडु पुलिस को दी।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में राजस्थान के जोधपुर,मारवाड़ जंक्शन और आबूरोड सहित देश के कई राज्यों में ट्रेन चोरी की वारदातों में गिरफ्तार हो चुके हैं।