संतो के सानिध्य में मनाया जाएगा तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा का 87वां जन्मदिन

जोधपुर,तिब्बत के धर्म गुरु दलाई लामा का 87वां जन्म दिन बुधवार को मनाया जाएगा। भारत तिब्बत मैत्री संघ की महासचिव क्षमा पुरोहित ने बताया कि इस बार जोधपुर में दलाई लामा के 87 वें जन्मदिन पर संतों के सानिध्य में पहली बार आयोजित किया जाएगा।

सन्त धाम गुरों का तालाब के पास रोकड़िया बालाजी के मंदिर से आगे प्रताप नगर में इस कार्यक्रम का आयोजन शाम 6 बजे से किया जाएगा। इस दिन दलाई लामा दीर्धायु होने के लिए प्राथर्ना सभा आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण पर एक संगोष्टी का आयोजन भी किया जायेगा। इस मौके पर उपस्थित सभी व्यक्तियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी।

तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा की जन्मतिथि पर हिमांचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के मैक्लोडगंज स्थित मुख्य बौद्ध मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी। निर्वासित तिब्बती सरकार ने धर्मगुरु की 87वीं जन्मतिथि पर कई कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है। मुख्य बौद्ध मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद दलाई लामा की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की जाएगी।

14वें दलाई लामा तेनजिन ग्यात्सो का जन्म 6 जुलाई 1935 को पूर्वी तिब्बत में हुआ था। चीन की दमनकारी नीतियों के कारण तिब्बत छोड़ कर वे 31 मार्च 1959 को भारत आ गए थे। अभी वे हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के मैक्लोडगंज में रहकर तिब्बत की आजादी लिए अहिंसात्मक संघर्ष कर रहे हैं। तिब्बत की आजादी का संघर्ष उन्होंने 24 वर्ष आयु में शुरू किया था। 1989 में उन्हें प्रतिष्ठित नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें –http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews