स्कीम डबल करने का झांसा देकर दस लाख की चपत लगा दी

  • अब दे रहा पुलिस में झूठे मुकदमें की धमकी
  • पीडि़त पहुंचा थाने

जोधपुर, शहर के निकटतर्वी मंडोर स्थित माता का थान बंग नगर में रहने वाले एक व्यक्ति को परिचित ने स्कीम के तहत रूपयों को डबल करने का झांसा देकर दस लाख की ठगी कर ली। दो साल में ना तो पैसा डबल हो पाया और ना ही बदमाश अब मूल रकम लौटा रहा है। उल्टा पीडि़त को केसबाजी में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीडि़त ने अब मंडोर पुलिस की शरण लेकर नामजद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी में केस दर्ज करवाया है। मंडोर पुलिस ने बताया कि बंग नगर माता का थान निवासी नरेंद्र पुत्र मदनलाल वैष्णव की तरफ से रिपोर्ट दी गई।

इसमें बताया कि उसका परिचित बड़ाबास मथानिया निवासी जितेंद्र पुत्र ढगलाराम ने पहचान के चलते वर्ष 2018 में रूपयों को डबल करने की स्कीम बताई थी। उससे कई लोग भी जुड़े थे। तब वह उसके झांसे में आ गया था। वर्ष 2018 अप्रैल में उसने दस लाख रूपए मांगे और स्कीम के तहत उसे बीस लाख करने की बात की। इस झांसे में आए नरेंद्र वैष्णव ने विश्वास किया और उसे दस लाख रूपए दिए। दो साल इस वर्ष अप्रेल में पूर्ण हो गए। मगर रूपए नहीं दिए। रूपयों की बात पर वह टालमटोल जवाब देने लगा। जब उससे मूल रकम की मांग की गई तो वह पुलिस में झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी भी देने लगा। बार बार तकाजा किए जाने पर भी रूपए नहीं दिए जाने पर पीडि़त मंडोर थाने पहुंचा और दस लाख की धोखाधड़ी में केस दर्ज करवाया है। एएसआई परसाराम अब इसमें जांच कर रहे हैं।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews