आरपीएफ एसआई रमेश कुमार बने ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने उत्कृष्ट ड्यूटी के लिए किया पुरस्कृत
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आरपीएफ एसआई रमेश कुमार बने ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’। उत्कृष्ट एवं सजग ड्यूटी के लिए आरपीएफ नागौर आउट पोस्ट के उप निरीक्षक रमेश कुमार को अगस्त माह के लिए ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ चुना गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने उन्हें प्रशस्ति- पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मतदान पश्चात मतदान दलों के लिए भुगतान व वाहन मुक्ति एवं ड्यूटी प्रमाण पत्र की व्यवस्थाएं निर्धारित
एसआई रमेश कुमार ने अगस्त में नागौर के पास जम्मूतवी एक्सप्रेस में हुई यात्री के बैग चोरी की घटना का खुलासा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मामले में यात्री का लैपटॉप,25 हजार रुपए नकद और अन्य सामान चोरी हुआ था।
जांच के दौरान टीम ने नोखा,देशनोक,बीकानेर, सूरतगढ़,हनुमानगढ़,भटिंडा और फिरोजपुर सहित विभिन्न स्थानों पर लगे करीब पांच सौ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की पहचान की गई। 18 अगस्त को आरोपी को लूणकरणसर-बीकानेर के बीच चलती ट्रेन में पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया और चोरी का सामान भी बरामद किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार,मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में एसआई रमेश कुमार की सक्रिय भूमिका रही। उनकी कार्यकुशलता और सजगता को देखते हुए उन्हें अगस्त माह के लिए ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ पुरस्कार के लिए चुना गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
