राजसखी जोधाणा मेला 14 से 20 मार्च को
ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का मंच
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),राजसखी जोधाणा मेला 14 से 20 मार्च को।ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को एक सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राजसखी जोधाणा मेला 2026 का आयोजन 14 से 20 मार्च 2026 तक गांधी मैदान,सरदारपुरा,जोधपुर में किया जाएगा।
राजीविका जोधपुर के डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मैनेजर मोहनलाल ने बताया कि इस मेले का आयोजन राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) द्वारा ग्रामीण विकास विभाग,राजस्थान सरकार के सहयोग से तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत किया जा रहा है।
विभिन्न जिलों की महिला कारीगर लगाएंगी स्टॉल
मोहनलाल ने बताया कि मेले में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आई स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिला सदस्य एवं ग्रामीण महिला कारीगर अपने द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए स्टॉल लगाएंगी। मेले में हैंडलूम,हस्तशिल्प,पारंपरिक हस्तनिर्मित वस्तुएं,घरेलू उपयोग की सामग्री,ग्रामीण उत्पाद सहित अनेक आकर्षक वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही मेले में फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे,जहां आगंतुकों को विभिन्न प्रकार के पारंपरिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा।
प्रतिदिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा,जिनमें स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों द्वारा लोकनृत्य,संगीत तथा अन्य रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे मेले का वातावरण और अधिक उत्सवमय बनेगा।
14 मार्च को होगा उद्घाटन
उन्होंने बताया कि मेला प्रतिदिन प्रातः 10 से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा तथा 14 मार्च 2026 को सायं 5:30 बजे गांधी मैदान में मेले का उद्घाटन किया जाएगा।
ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को मिलेगा प्रोत्साहन
डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मैनेजर मोहन लाल ने बताया कि यह मेला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को उनके उत्पादों के प्रदर्शन,विपणन तथा उचित मूल्य प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा तथा उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
