पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

विश्व पर्यावरण दिवस पर शहरभर में हुए कई कार्यक्रम

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।शहर में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए कई स्थानों पर पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली गई।

कई स्थानों पर अलग- अलग संस्थाओं व संगठनों द्वारा शहर भर में पौधारोपण,सेमिनार, सम्मान समारोह सहित जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर वन,कायलाना में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों,वन विभाग कार्मिकों,पर्यावरण प्रेमियों तथा आमजन ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक गतिविधि नहीं, बल्कि भविष्य की पीढिय़ों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण को एक संकल्प के रूप में अपनाए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करे।

गांधीधाम एक्सप्रेस में अवैध शराब सहित एक यात्री गिरफ्तार

कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा,संभागीय मुख्य वन संरक्षक अनूप केआर.,पर्यावरण प्रेमी प्रसन्नपुरी,आईएएस प्रशिक्षु उमेश कुमार,अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपत लाल सुथार,अधीक्षण अभियंता वाटरशेड जगदीश चौधरी, अधिशासी अभियंता नरेगा सोहम शर्मा,क्षेत्रीय वन अधिकारी मण्डोर कृष्ण कुमार परमार,सहायक वन संरक्षक शिवप्रकाश विश्नोई सहित जनप्रतिनिधि,पर्यावरण प्रेमी, युवा एवं महिलाएं उपस्थित थीं।

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण, पौधा रोपण एवं जनजागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशंसा-पत्र एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
आध्यात्मिक क्षेत्र पर्यावरण संस्थान द्वारा प्रतापनगर स्थित महिला पीजी कालेज में पूर्व न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास के मुख्य आतिथ्य में वृक्ष बंधु पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। समारोह विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 45 विभूतियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष रामजी व्यास ने बताया कि समारोह में इस वर्ष का वृक्ष बंधु पुरस्कार खोखरी माता तिंवरी के महंत नारायणगिरी को ओरण,गोचर भूमि बचाने, चारागाह निर्माण व वृक्षारोपण हेतु सैकड़ों स्वयं सेवी संस्थाओं को प्रेरित करने पर दिया गया। कार्यक्रम में बीएसएफ आईजी एमएल गर्ग, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेशाध्यक्ष डॉ.राम गोयल,गीता धाम तिंवरी की वरिष्ठ गीता पाठी पुष्पा जोशी व समाज सेवी राजेंद्र बाहेती उपस्थित थे।

आफरी जोधपुर द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.तरुण कान्त ने अपने उद्बोधन में पर्यावरण दिवस की थीम प्रकृति से प्रेरित,जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए पर प्रकाश डाला। समूह समन्वयक शोध डॉ.संगीता सिंह ने भी आफरी द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु किए जा रहे अनुसंधान कार्यो के बारे में बताया। इस अवसर पर संस्थान प्रांगण में 50 ओषधिय पौधों जैसे कालमेघ,सतावरी, पत्थर चट्टा,मरुआ,तुलसी आदि का पौधरोपण भी किया गया। आफरी वैज्ञानिक शेराराम बालोच ने व्याख्यान प्रस्तुत किया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर नंदेश्वर महादेव पांचवा पुलिया चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थान पर वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रेम किशोर बोहरा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उपहार स्वरूप पौधे भेंट किए गए।

राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला जोधपुर के रोवर रेंजर, स्काउट गाइड,यूनिट लीडर्स,सहायक राज्य संगठन आयुक्त छतर सिंह पीडयार, सीओ निशु कवर ने जिला सचिव डॉ.बीएल जाखड़ के नेतृत्व में पर्यावरण दिवस पर विठ लेश वन चौपासनी स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर स्वच्छता अभियान चलाया तथा पौधारोपण किया गया।

इसी तरह राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कुड़ी भगतासनी में स्काउट गाइड अभिरुचि केंद्र के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सहभागियों ने अपनी नियमित गतिविधियों के साथ प्रशिक्षकों के नेतृत्व में पौधा रोपण किया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विजयराजे नगर झालामंड स्थित मेगा मॉल (पेन मॉल) परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े नागरिकों ने मिलकर पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण और अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रलयंकर जोशी, राहुल विश्नोई, राजेश मेवाड़ा, विजय कुमार,विवेक, कैलाश, मनोज शुक्ला,प्रशान्त,मीतू, संजय एवं बुधाराम सहित अन्य उपस्थित जन ने पौधरोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरु जम्भेश्वर पर्यावरण संरक्षण शोध पीठ जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय एवं विद्या भारती उच्च अध्ययन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के परिसर में मां अमृता देवी स्मारक एवं प्रो डॉ.स्वर्गीय जेताराम विश्नोई स्मृति उद्यान में पौधारोपण किया गया।कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश देते हुए खेजड़ी,रोहिडा विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो पवन कुमार शर्मा ने अपने जन्म दिवस की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर में मां अमृता देवी स्मारक एवं प्रोफ़ेसर विश्नोई स्मृति उद्यान में पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित भाव से पौधारोपण करके की। गुरु जंभेश्वर शोधपीठ के निदेशक डॉ ओम प्रकाश बिश्नोई ने धन्यवाद ज्ञापित किया।