Doordrishti News Logo

रास्ते में खड़े पानी टैंकर को हटाने की बात पर युवक के सिर पर मारी कुल्हाड़ी,मौत

जोधपुर,शहर के निकटवर्ती बोरानाडा स्थित भांडू खुर्द गांव में पानी भरते चाचा भतीजे पर कुछ लोगों ने हथियारों से हमला किया। कुल्हाड़ी के वार से युवक के सिर में गंभीर चोट लगी और वह गिर गया। आज घायल युवक की मौत हो गई। पुलिस ने अब हत्या प्रयास के प्रकरण में हत्या की धारा लगाकर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश आरंभ की है।

बोरानाडा पुलिस ने बताया कि भांडूखुर्द निवासी अचलाराम पुत्र गोरधनराम जाट ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि वह दो दिन पहले अपने भाई के पुत्र नरपत के साथ गांव में पानी के टैंकर से गायों के लिए पानी भर रहा था। उसका टैंकर बीच में था। इतने में बिना नंबरी ट्रेक्टर ट्राली लेकर रूघाराम,पदमाराम,बालकिशन, नरपत आदि आए और पानी के टैंकर को हटाने की बात को लेकर विवाद करने लगे। इतने में ट्रेक्टर ट्राली से उतर कर हाथ मेें कुल्हाड़ी आदि लेकर उसके भतीजे नरपत पर हमला बोल दिया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी और वह नीचे गिर गया। वह उसे संभालता तब तक आरोपी वहां ट्रेक्टर ट्राली को ही छोडकऱ भाग गए।

पुलिस ने बताया कि घायल नरपत की बुधवार को मथुरादास माथुर अस्पताल में उपचार के बीच मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम अभी नहीं करवाया गया है। अग्रिम कार्रवाई गुरूवार को की जाएगी। आरोपियों की तलाश जारी है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें-http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews