नई नवेली दुल्हन आभूषण लेकर चंपत, नशीला खाना खिलाया, पांच बीमार

जोधपुर, शहर के कीर्तिनगर इलाके में शादी के पांच दिन बाद ही मंगलवार को नशीला खाना खाने से दुल्हा, उसकी मां, बहन व बहनोई के साथ मासूम भांजा बीमार हो गए। सोने के आभूषण के साथ नई नवेली लुटेरी दुल्हन लापता है। दुल्हे की मां व भांजे को भर्ती किया गया।

थानाधिकारी सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि कीर्ति नगर निवासी संपत माली के पुत्र हितेश की 18 फरवरी को बनारस की युवती से शादी कराई गई थी। दोपहर में नई नवेली दुल्हन ने खाना बनाया। जिसे हितेश, उसकी बहन सुनीता, बहनोई विजय सिंह, सास संतोष व दूल्हे के भांजे ने खाया। कुछ घंटे बाद ही सभी की तबीयत खराब होने लग गई। पेट दर्द व उल्टियां शुरू हो गईं। बेहोशी भी छाने लगी। किसी कार्य की वजह से घर से बाहर होने से संपत बच गए।

पड़ौस में उनके भाई की पत्नी वहां आई तो सभी को अर्ध मूर्छित हालत में पाया। अन्य परिजन को बुलाकर सभी को देर शाम महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया। पुलिस भी अस्पताल पहुंची और जानकारी लेकर जांच व तलाश शुरू की। भांजे को उम्मेद अस्पताल रैफर किया गया। दूल्हे की मां को भर्ती कर अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया। पुलिस अब लुटेरी दुल्हन का पता लगाने में जुटी है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *