17.32 करोड़ की लागत से नागौर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),17.32 करोड़ की लागत से नागौर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के अंतर्गत नागौर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है। लगभग 17.32 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इस विकास कार्य का उद्देश्य स्टेशन को आधुनिक बनाते हुए यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन पर निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है। प्लेटफॉर्म संख्या- 2 पर रैंप से संबंधित कार्य पूरा हो चुका है, जबकि प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर कार्य प्रगति पर है। स्टेशन के पुनर्विकास के तहत भवन को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय,स्वच्छ परिसर, दिव्यांगजन के लिए सुगम सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट यात्री सूचना प्रणाली और पार्किंग जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

भारतीय नववर्ष: सांस्कृतिक दृष्टि

उन्होंने बताया कि कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है। पुनर्विकास के बाद नागौर रेलवे स्टेशन यात्रियों को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नागौर रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित कार्य
• स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण (भू-परिदृश्य) तथा अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार के साथ सर्कुलेटिंग एरिया का विकास।
• ऑटो,दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था।
• यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए सुविधाजनक बरामदा (पोर्च) का निर्माण।
• महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों सहित आधुनिक प्रतीक्षालय की व्यवस्था।
• नए अतिथि कक्ष (वीआईपी रूम) का निर्माण।
• सर्कुलेटिंग एरिया में ‘पे एण्ड यूज’ शौचालय की सुविधा।
• स्टेशन भवन के आंतरिक भाग का सुधार एवं आधुनिकीकरण।
• स्टेशन भवन के अग्रभाग (फसाड) को आकर्षक स्वरूप प्रदान करना।
• नए प्लेटफॉर्म आश्रय (शेल्टर) का निर्माण।
• दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल सुविधाओं सहित नए शौचालय ब्लॉक एवं पेयजल बूथ की व्यवस्था।
• स्पष्ट एवं बेहतर संकेत चिन्ह (साइनबोर्ड) की व्यवस्था।
• सूचना एवं प्रचार हेतु होर्डिंग की व्यवस्था।
• यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक एवं बेहतर फर्नीचर की व्यवस्था।
• 12 मीटर चौड़े ऊपरी पैदल पुल (फुट ओवर ब्रिज) का निर्माण।