Doordrishti News Logo

हत्या के मामले में एक साल से फरार 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

  • सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने की थी संभावना
  • पुलिस ने पहले ही दबोचा
  • महाराष्ट्र-कर्नाटक में बदलता रहा ठिकाने

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),हत्या के मामले में एक साल से फरार 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार। पुलिस थाना डांगियावास ने हत्या के मामले में एक साल से अधिक समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।

डॉ.दिनेश चौधरी का सर्जिकल गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी के मुख्य सूची में चयन

आरोपी थाना डांगियावास के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल था और गिरफ्तारी से बचने के लिए महाराष्ट्र व कर्नाटक सहित अलग-अलग राज्यों में फरारी काट रहा था। पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया, पुलिस उपायुक्त जोधपुर पूर्व मनीष चौधरी,अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरेन्द्र देवड़ा तथा सहायक पुलिस आयुक्त वृत मंडोर अनिल शर्मा के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए थानाधिकारी राजूराम काला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

मारपीट में घायल युवक की हुई थी मौत 
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई 2025 को रामूराम निवासी सेवकी खुर्द ने डांगियावास थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका पुत्र महिपाल सालवाकलां में मोबाइल की दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा था। तब रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे रोककर लाठी,चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

हमले में महिपाल गंभीर घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मामले में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस ने आरोपी के अन्य साथियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था, जबकि आरोपी प्रकाश घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

आरोपी के सामाजिक कार्यक्रम में आने की सूचना,पुलिस ने बनाई रणनीति 
फरार आरोपी प्रकाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त जोधपुर पूर्व की ओर से 5 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि आगामी 4 सितंबर को आरोपी के परिवार में सामाजिक कार्यक्रम है, जिसमें उसके शामिल होने की पूरी संभावना है।

इसी बीच 31 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी प्रकाश मोटरसाइकिल से थाना क्षेत्र में अपने दोस्त के घर फरारी काटने के लिए जा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा कर उसे दस्तयाब कर लिया। आरोपी प्रकाश को प्रकरण संख्या 80/2025 में गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

प्रकाश पुत्र जोराराम मेघवाल निवासी मेघवालों का बास,झालामलिया, थाना भोपालगढ़ जोधपुर निवासी है।

पुलिस टीम में यह थे शामिल 
पुलिस टीम में थानाधिकारी राजूराम काला, उपनिरीक्षक मानाराम,कांस्टेबल मनीष,रिछपाल सिंह, सुरेन्द्रसिंह,रमेश एवं नेमाराम आदि शामिल थे।