Doordrishti News Logo

नगर निगम पुष्प अपशिष्ट का री-यूज कर बनाएगा धूपबत्ती

जोधपुर, शहर के विभिन्न मंदिरों में वर्ष पर्यंत आयोजित होने वाले विभिन्न उत्सवों व त्योहारों के दौरान उपयोग में आने वाले पुष्पों व फूलों का नगर निगम दक्षिण की ओर से री-यूज़ करने को लेकर मिशन पुष्पांजलि की अनूठी पहल की गई है। नगर निगम दक्षिण इन फूलों से धूपबत्ती तैयार करेगा।

महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने बताया कि जोधपुर शहर सांस्कृतिक राजधानी के रूप में अपनी पहचान रखता है और यहां सभी प्रमुख मंदिरों में वर्ष पर्यंत अलग-अलग धार्मिक उत्सव व त्योहार मनाए जाते हैं। इन दिनों मंदिरों में फाल्गुन महोत्सव भी चल रहा है। इन महोत्सव में भगवान को फूलों से होली खिलाई जाती है, जिसमें काफी अधिक मात्रा में पुष्प और फूल मालाओं का उपयोग होता है। महोत्सव के बाद यह पुष्प और फूल मालाएं अनुपयोगी हो जाती है और इन्हे अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया जाता है।

अब नगर निगम सभी प्रमुख मंदिरों से यह पुष्प और फूल मालाओं के अपशिष्ट को एकत्रित करेगा, इसके लिए निगम का वाहन इन मंदिरों में जाएगा। सभी मंदिरों से पुष्प और फूल मालाएं एकत्रित कर गौ-मंदिर गौ शाला को भेजा जाएगा। गौशाला और नगर निगम दक्षिण की ओर से किए गए अनुबंध के अनुरूप गौशाला में इन पुष्प और फूल मालाओं से धूपबत्ती तैयार की जाएगी और निगम को दी जाएगी।

महापौर दक्षिण वनीता सेठ ने बताया कि इस तरह से तैयार की गई धूप बत्ती को वापिस मंदिरों में भेंट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुनर्चक्रण, पुन: उपयोग की थीम से न केवल इन फूलों का सही उपयोग हो सकेगा बल्कि शहर को स्वच्छ भी बनाए रखा जा सकेगा।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Related posts: