सांसद खेल महोत्सव 2025 का समापन

सहभागिता में जोधपुर बना देश में दूसरा सबसे बड़ा केंद्र

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सांसद खेल महोत्सव 2025 का समापन। फिट इंडिया एवं खेलो इंडिया की राष्ट्रीय संकल्पना को धरातल पर साकार करता सांसद खेल महोत्सव 2025 का समापन समारोह गुरुवार को क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान में अति राष्ट्रभाव से परिपूर्ण वातावरण में समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन घोषणा से हुआ,जिसके पश्चात मशाल रिले, मार्च-पास्ट एवं अभिमुख प्रयाण के माध्यम से खिलाड़ियों ने अनुशासन, एकता एवं खेल भावना का प्रेरक प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और खिलाड़ियों व उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।

पारंपरिक खेलों से मजबूत होती जड़ें
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के खिलाड़ियों ने न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं,बल्कि सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने का अभियान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मंत्र “फिट इंडिया,हिट इंडिया” और “भारत खेलेगा तो भारत खिलेगा” आज यहां साकार होता दिखाई दे रहा है। जो राष्ट्र शारीरिक रूप से फिट होता है,वही विकसित राष्ट्र बनता है। खिलाड़ियों के अनुशासन,परिश्रम और आत्मविश्वास को उन्होंने स्वस्थ भारत की आधारशिला बताया।

उन्होंने कहा कि इस महोत्सव की शुरुआत पारंपरिक खेलों के साथ पंचायत स्तर से की गई,जिसमें महिलाओं,बुजुर्गों और बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने सामुदायिक भावना,समरसता और सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत किया। जिस वृक्ष की जड़ें मजबूत होती हैं,वह उतनी ही ऊंचाइयों तक पहुंचता है यह महोत्सव उसी का उदाहरण है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आयोजन का गौरव
समापन समारोह में वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में डॉ. प्रेम भंडारी एवं विरासत कल्चरल सोसायटी,धनोरा (पंजाब) द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। खेल, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम के अद्भुत संगम का साक्षी बना यह समारोह दर्शकों के लिए अविस्मरणीय रहा।

कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए आयोजन से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

सहभागिता में जोधपुर संसदीय क्षेत्र देश में द्वितीय स्थान पर
मिश्रा ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव 2025 चार चरणों में आयोजित किया गया,जिसमें 1,30,056 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया। ग्राम एवं शहरी स्तर से चयनित होकर 19,597 खिलाड़ी ब्लॉक स्तर तक पहुंचे तथा विधानसभा स्तर पर विजेता बने 1,619 खिलाड़ियों ने संसदीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता दर्ज कराई।

गुलाब से समझाइश हेलमेटनुमा चाबी से सीख

भागीदारी के मामले में जोधपुर संसदीय क्षेत्र ने देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। खिलाड़ी कबड्डी,फुटबॉल,खोखो, बास्केटबॉल,वॉलीबॉल,रस्साकशी, एथलेटिक्स एवं योगासन सहित कुल 8 खेल विधाओं में अपने कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

समारोह में सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी,शहर विधायक अतुल भंसाली,फलौदी विधायक पब्बाराम विश्नोई,पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी,पूर्व राज्यमंत्री प्रो.महेंद्र सिंह राठौड़,ज्योति ज्याणी,हनुमान सिंह खांगटा,जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी,मनीष पुरोहित,गौरव जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। हजारों की संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमियों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।