पहले दिन एक हजार से अधिक बालिकाओं ने लगवाया टीका

  • जोधपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान
  • 14-15 वर्ष की बालिकाओं के लिए निःशुल्क सुविधा शनिवार तक जारी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पहले दिन एक हजार से अधिक बालिकाओं ने लगवाया टीका। जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार 14-15 वर्ष की आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए संचालित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण मेगा ड्राइव को पहले ही दिन उत्साह जनक प्रतिसाद मिला। सोमवार को एक हजार से अधिक बालिकाओं ने विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पहुंचकर टीकाकरण करवाया।

यह अभियान जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी),जिला अस्पताल,उप जिला अस्पताल,उम्मेद अस्पताल, मथुरादास माथुर अस्पताल (जनाना विंग),चिकित्सा महाविद्यालय एवं एम्स में प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित किया जा रहा है। यह टीकाकरण अभियान शनिवार तक जारी रहेगा।

विद्यालयों के माध्यम से अधिकतम लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित
यह अभियान चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग,जोधपुर के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। अभियान का संचालन सीएमएचओ (प्रथम) डॉ.सुरेन्द्र शेखावत,सीएमएचओ(द्वितीय)डॉ. मोहन देथा,मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रजनी शेखावत तथा अतिरिक्त मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी संजय परिहार के निर्देशन में किया जा रहा है। विद्यालयों के माध्यम से अधिकतम बालिकाओं तक पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जिले की 14-15 वर्ष की सभी बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में टीकाकरण के लिए आगे आएं तथा इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने आमजन से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास नहीं करने का आग्रह किया है। सीएमएचओ (प्रथम) ने बताया कि यह टीकाकरण पूर्णतः निःशुल्क है। यह वैक्सीन सुरक्षित,वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा अनुशंसित है,जो भविष्य में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय मुख का कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में सहायक है।

जैसलमेर कोचिंग डिपो का डीआरएम ने किया निरीक्षण

उल्लेखनीय है कि भारत में प्रतिवर्ष लगभग 75 हजार से 80 हजार महिलाओं की मृत्यु सर्वाइकल कैंसर के कारण होती है। यह एक ऐसी बीमारी है,जिसके प्रारंभिक लक्षण प्रायः स्पष्ट नहीं होते हैं,अतः समय रहते बचाव अत्यंत आवश्यक है।जिला प्रशासन द्वारा समस्त अभिभावकों से पुनः अपील की गई है कि वे अपनी 14-15 वर्ष की बालिकाओं का टीकाकरण निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में अवश्य करवाएं।