Doordrishti News Logo

नकल माफिया का मास्टरमाइंड जोधपुर से गिरफ्तार

  • आयुष मंत्रालय की एमटीएस भर्ती परीक्षा
  • महामंदिर और बनाड़ थाने के कांस्टेबल की सराहनीय भूमिका से पकड़ा गया 25 हजार का इनामी अपराधी
  • आरोपी को कोटा शहर पुलिस के सुपुर्द किया

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नकल माफिया का मास्टरमाइंड जोधपुर से गिरफ्तार। आयुष मंत्रालय की एमटीएस भर्ती परीक्षा में नकल माफिया का मास्टर माइंड जोधपुर से गिरफ्तार किया गया है। जोधपुर के महामंदिर थाने के कांस्टेबल राकेशसिंह और बनाड़ थाने के कांस्टेबल माणकचंद की सूचना पर आरोपी को भदवासिया फू्रट मंडी से दस्तयाब किया गया। आरोपी को कोटा शहर पुलिस के सुुपुर्द किया गया है।

कोटा जिला पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा में नकल प्रकरण में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। पूर्व में प्रकरण में आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इसी क्रम में एएसपी सुभाषचन्द मिश्रा कोटा शहर एवं मनीष शर्मा वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में थाना आरके पुरम के थानाधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव (आईपीएस प्रो.) के निर्देशन में थाना आरके पुरम टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुये तकनीकी साक्ष्यों, आसूचना संकलन एवं लगातार प्रयासों के आधार पर प्रकरण मे फरार इनामी आरोपी अशोक मीणा को गिरफतार करने में सफलता प्राप्त की है। वांछित आरोपी अशोक मीणा की गिरफतारी पर 25000 रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।

यह है मामला 
27 नवंबर 2025 को बीएसएनएल सर्किल के पास स्थित कोटा आनलाइन आईटी एजुकेशन सेंटर पर सेंट्रल काउंसिल फॉर रिसर्च इन आयुर्वेद सांइसेंज के पद पर एमटीएस (ए-आई) की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा के दौरान नकल कराने का प्रकरण सामने आया था,जिसमें परीक्षा केंद्र से नकल सामग्री,तकनीकी उपकरण एवं प्रश्नपत्र के हल की प्रिंट कॉपियां जब्त कर उनके मूल प्रश्नपत्र से मिलान करने पर बड़ी संख्या में प्रश्नों के उत्तर हूबहू मेल खाना पाया जाने पर प्रकरण सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया था।

प्रकरण में इस संगठित गिरोह के सदस्यों को पूर्व मे गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी अशोक मीणा पुत्र मूल्याराम मीणा निवासी विनेगा थाना महावीरजी जिला करौली की तलाश की जा रही थी।

इसी क्रम में थाना महामन्दिर जोधपुर पूर्व के कांंस्टेबल राकेश सिंह एवं बनाड़ थाना कांस्टेबल माणकचन्द को दौराने गश्त सूचना प्राप्त हुई कि थाना आरके पुरम, कोटा शहर का 25 हजार का वांछित इनामी अपराधी अशोक कुमार मीणा अपने साथी के साथ सफेद रंग की कार में भदवासिया फू्रट मण्डी की तरफ आ रहा है।

अवैध बजरी से भरा डंपर जब्त चालक गिरफ्तार

सूचना पर पुलिस टीम द्वारा फ्रूट मण्डी तिराहे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रुकवा कर जांच की गई तो कार में थाना आरके पुरम,कोटा शहर का 25 हजार का वांछित इनामी अपराधी अशोक कुमार मीणा पुत्र मूल्याराम निवासी बिनेगा जिला करौली पाया गया।

इस पर पुलिस द्वारा आरोपी अशोक कुमार मीणा को डिटेन कर इसकी सूचना थाना आरके पुरम, कोटा शहर को दी गई। सूचना पर थाना आरके पुरम, कोटा शहर से पुलिस टीम जोधपुर पहुंची,जिसने आवश्यक अनुसंधान उपरांत आरोपी अशोक कुमार मीणा को विधिवत गिरफ्तार किया।

आरोपी नकल गिरोह से जुड़ा है 
आरोपी अशोक मीणा ऑन लाइन परीक्षा में नकल कराने वाले संगठित गिरोह से जुड़ा हुआ है तथा प्रकरण में पूर्व में भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।