परिवार बीमार पिता के लिए रात को गया था अस्पताल, सुबह लौटने पर लगा पता
जोधपुर, शहर में चोरों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं। दिन भर रैकी के बाद वारदातों को अंजाम देते हैं। सूने मकानों में सेंध लगना आम बात सी हो गई है। लगातार बढ़ रही चोरियों से आमजन भी परेशान सा है।
गुजरी रात को शहर के निकटवर्ती मगरा पूंजला स्थित एक मकान में अज्ञात चोर बड़ी सेंध लगाकर 33 लाख का सोना, दस बारह लाख की नगदी के साथ करीबन 3 किलो चांदी चुरा ले गए। घटना के समय परिवार के लोग बीमार पिता के ऑपरेशन के लिए मथुरादास माथुर अस्पताल गया हुआ था। सुबह लौटने पर घटना का पता लगा।
सूचना पर मंडोर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मंडोर थानाधिकारी सुरेश सोनी ने बताया कि मगरापूंजला के रहने वाले विजय सोनी के पिता सत्यनारायण सोनी एक पैर नहीं है और अब दूसरे पैर में तकलीफ चल रही थी। इसके लिए परिवार के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती करवाया था। उनके एक पैर का ऑपरेशन किया जाना था।
सोमवार को परिवार के लोग अस्पताल में व्यस्त थे और रात्रि को मकान सूना पड़ा था। इस बीच मध्य रात को अज्ञात चोरों ने मेन गेट का कुंडा तोड़ऩे के साथ भीतर प्रवेश किया। फिर एक एक कमरे की तसल्ली से जांच पड़ताल के बाद जो हाथ लगा वह ले गया। आज सुबह विजय सोनी की पत्नी घर पहुंची तो कुुंडा टूटा देखा और भीतर जाने पर सभी कमरों में बिखेरे सामान को देख कर दंग रह गई। चोरी होने की जानकारी तुरंत पति विजय सोनी को दी गई। तब वह भी परिवार के लोगों के साथ घर पर आए। इस बीच घर में उनकी पत्नी विलाप करने लगी।
विजय सोनी के अनुसार घर में करीबन 10-12 लाख रूपए कैश रखे हुए थे और 700 ग्राम स्वर्णाभूषण एवं चांदी रखी हुई थी। जो नदारद है। थानाधिकारी ने बताया कि चोरी गए सामान का ब्यौरा दिया जा रहा है। घर में सीसीटीवी कैमरे नही लगे हैं। आस पास भी नजर नहीं आ रहे हैं। फिर मार्गों से गुजरने वाले सीसीटीवी फुटेजों को देखा जा रहा है।
चोरों ने अलमारियों से सामान बिखरने के साथ बैगों को भी किया खाली
नकबजनों ने अलमारियों के ताले तोड़ऩे के साथ ही छोटे मोटे बैगों से भी सोना चांदी निकाला। घर की शोके स अलमारियों को भी नहीं बख्शा। जो भी हाथ लगा वह ले गए। घटना को लेकर पुलिस की तरफ से अनुसंधान किया जा रहा है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।