खान व्यवसायी को इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर फांसा,सात लाख ऐंठे दस लाख की डिमाण्ड
- हनी ट्रैप
- पीडि़त ने ली पुलिस की शरण
- दंपत्ति के खिलाफ केस दर्ज
जोधपुर,(डीडीन्यूज)। खान व्यवसायी को इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर फांसा,सात लाख ऐंठे दस लाख की डिमाण्ड। शहर के पत्थर व्यवसायी को महिला ने इंस्टाग्राम आईडी पर दोस्ती के बाद फांसा और उससे 7 लाख रुपए तक ऐंठ लिए। महिला ने अपने पति संग मिलकर अब दस लाख की डिमांड रखी है, अन्यथा झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है।
यहां क्लिक कीजिए – विद्युत ट्रांसफार्मर और केबल चोरी के प्रकरण दर्ज
पीडि़त व्यवसायी की तरफ से मंडोर थाने में दंपत्ति सहित एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। मंडोर पुलिस ने बताया कि पदाला बेरा में रहने वाले एक पत्थर व्यवसायी की तरफ से यह रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर वर्ष 2021 अगस्त में एक युवती की फ्रैण्ड रिक्वेस्ट आई थी। तब उसे अस्वीकार करते हुए दोस्ती से मना कर दिया गया। मगर उसने बाद में अन्य नंबर से उसके मोबाइल पर वाट्सएप कॉलिंग करने लगी और मैसेज भेजने लगी। इस पर बाद में उससे दोस्ती हो गई।
उसने खुद को पहले पायल बताया। बाद में उसने अपने दो बच्चों और पति के बीमार होने के नाम पर मदद मांगी। तब उसे मदद के तौर पर साठ हजार रुपए और फोन पे से अलग रुपए भेजे गए। उसने रुपए ब्याज सहित लौटाने का बोला। धीरे-धीरे वह किसी न किसी जरूरत को बोलकर रुपए लेती रही।
इस बीच वह अलग अलग नंबर लेकर कॉल करती और कभी फोन खराब होने का बोलती तो कभी कहती पति को नंबरों का पता लगा जाएगा। इसलिए वह बार बार नंबर बदल रही है।उसके बारे में पता किया तो मालूम हुआ कि उसका एक अन्य नाम प्रमिला भी है।
गत साल दिपावली पर उसने स्कूटी दिलाने की बात की थी,तब उसे मना कर दिया गया। इस पर वह धमकाने लगी। बाद मेें अपने से बात करवाई,इस पर उसके पति ने दस लाख रुपयों की डिमाण्ड रखी और नहीं दिए जाने पर दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।महिला ने अपने एक भाई को भी इसमें शामिल करते हुए धमकाया।
पीडि़त का आरोप है कि वह पिछले चार पांच सालों में उसे 7 लाख रुपए तक दे चुका है और अब दस लाख की डिमाण्ड अपने पति के साथ मिलकर कर रही है। मंडोर पुलिस ने बताया कि पायल उर्फ प्रमिला, उसके पति और भाई को नामजद करते हुए अब जांच आरंभ की गई है।