विश्व शांति के लिए पत्रकारों ने किया सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन

  • गीता भवन में गूंजा भक्ति का स्वर
  • जोधपुर संभाग आईजी सत्येंद्र सिंह व पुलिस कमिश्नर शरत कविराज ने की संतो व पत्रकारों के साथ आरती

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),विश्व शांति के लिए पत्रकारों ने किया सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन।हनुमान जयंती की पूर्व संध्या पर जोधपुर के गीता भवन में बुधवार सायं मारवाड़ प्रेस क्लब की ओर से विश्व शांति और विशेष रूप से खाड़ी देशों में चल रहे तनाव को समाप्त करने की कामना को लेकर एक आध्यात्मिक कार्यक्रम सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। मारवाड़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजीव गौड़ के नेतृत्व में आयोजित इस सामूहिक सुंदरकांड पाठ में बड़ी संख्या में साधु-संतों,समाज सेवियों,जनप्रतिनिधियों,पत्रकारों और आमजन ने भाग लेकर विश्व कल्याण की प्रार्थना की।

रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह और पुलिस कमिश्नर शरद कविराज ने सामूहिक आरती कर अमनचैन की कामना की। इवेंट कमेटी के अध्यक्ष मोहित हेड़ा और पंडित एसके जोशी की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में महामंडलेश्वर सोमेश्वर गिरी ने कहा कि सामूहिक प्रार्थना और धार्मिक अनुष्ठान विश्व में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। संत मदन दास ने कहा कि सुंदरकांड का पाठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं,बल्कि आत्मिक शांति और मानवता के उत्थान का माध्यम है। साध्वी प्रीति प्रियंवदा ने भक्ति, संयम और सद्भाव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब समाज एकजुट होकर प्रार्थना करता है,तो उसका प्रभाव पूरे विश्व पर पड़ता है।

मेंटर ऑफिसर प्रणाली से मजबूत होगी पुलिसिंग और कानून व्यवस्था

इस अवसर पर डॉ जया दवे,हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास,सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी,भाजपा शहर अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल सहित कई अतिथि उपस्थिति थे। श्रीगीता प्रचार मंडल के अध्यक्ष प्रहलाद गोयल और सचिव राजेश लोढा के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी ने एक स्वर में कहा कि वर्तमान में इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और शांति का संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संगीतमय सुंदरकांड का पाठ भजन गायिका झंकार शर्मा एवं उनकी टीम की प्रभावी प्रस्तुति ने सभी को आलोकित किया। उनके साथ कमलेश निराला,देवाशीष डांगी,मुकेश प्रजापत,राघव बोडा, चंचल शर्मा,रेनू शर्मा और माधुरी शर्मा ने संगत की। सुंदरकांड की चौपाइयों और भजनों की गूंज से पूरा परिसर श्रद्धा और भक्ति के हिलोरे लेता रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में आमजन,भजन प्रेमी और पत्रकारों की भागीदारी रही,सभी ने एकजुट होकर विश्व शांति,सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे।