महिला कारागृह में अंतर्राष्ट्रीय ध्यान दिवस का आयोजन

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),महिला कारागृह में अंतर्राष्ट्रीय ध्यान दिवस का आयोजन। अंतर्राष्ट्रीय ध्यान दिवस के अवसर पर रविवार को महिला कारागृह जोधपुर में परिवीक्षा एवं कारागृह कल्याण अधिकारी रमेश चन्द्र पंवार के सदप्रयासों से कारागृह सभागार में ध्यान दिवस का आयोजन किया गया।

विधायक की चेतावनी के बाद हरकत में आया पुलिस विभाग

कार्यक्रम के दौरान डॉ.ज्योति प्रताप ने समस्त सृष्टि की सृजनकर्ता एवं जीवनदायिनी स्त्री के माँ स्वरूप का जीवंत प्रस्तुतीकरण किया,जिसे सुनकर उपस्थित महिला बंदियों सहित सभी श्रोता भाव-विभोर हो उठे और वातावरण भावनाओं से भर गया।प्राकृतिक साधना केन्द्र की डॉ. मुस्कान सक्सेना ने घरेलू नुस्खों से स्वस्थ रहने की विधियां बताने के साथ-साथ प्राणायाम एवं ध्यान के सरल प्रयोग समझाए तथा उपस्थित महिलाओं को उनका अभ्यास भी करवाया।

विधि विशेषज्ञ डॉ.अरुणा टाक ने विधि संहिताओं के आध्यात्मिक एवं धार्मिक पहलुओं के समन्वय से अपराधों में कमी लाने तथा राष्ट्र को अपराध-मुक्त बनाने की अवधारणा पर अपने विचार व्यक्त किए।सुप्रसिद्ध योगाचार्य कृष्ण मित्र ने रोजमर्रा के प्रत्येक कार्य को होश पूर्वक करने को ही वास्तविक ध्यान बताते हुए कहा कि वर्तमान क्षण से लयबद्ध होकर पूर्ण सजगता के साथ जीवन जीने से ही व्यक्तित्व का विकास संभव है।

परिवीक्षा एवं कारागृह कल्याण अधिकारी रमेश चन्द्र पंवार ने कहा कि मनुष्य के पास दो अमूल्य शक्तियां हैं,पहली स्वयं को खुश रखने की और दूसरी स्वयं में सुधार करने की। ये दोनों कार्य किसी अन्य शक्ति द्वारा नहीं, बल्कि स्वयं के संकल्प से ही संभव हैं। उन्होंने महिला बंदियों को आत्म सुधार एवं सकारात्मक जीवन की दिशा में प्रेरित किया।

इस अवसर पर समर्पण मारवाड़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष कपिल अरोड़ा एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष विजय लक्ष्मी अरोड़ा द्वारा महिला बंदियों को फल वितरित किए गए।कार्यक्रम का संचालन कार्यवाहक जेल अधीक्षक नेनू चौधरी ने किया। आयोजन में सुमन चौधरी,सुनीता सहित अन्य महिला जेल प्रहरियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।