• पुलिस और हथियार तस्कर का आमना सामना, फायरिंग में हथियार तस्कर 007 का गुर्गां घायल
  • पुलिस पर किए दो फायर, जवाब ने पुलिस भी चलाई गोली, पैर में लगी गोली

जोधपुर, शहर में शुक्रवार को फिर फायरिंग हुई। गुरूवार को दिनदहाड़े फायरिंग हुई तो शुक्रवार को रात में हुई। इस बार पुलिस और हथियार तस्कर के बीच आमने सामने फायरिंग हुई। बचाव में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी।

इससे 007 गैंग का एक गुर्गां गोली लगने से घायल हो गया। उसे अब उपचार के एमडीएमएच भर्ती कराया गया है। इस घटना से एकबारगी फिर शहर में फायरिंग की घटना से दहशत फैल गई।

शहर में अवैध हथियारों की बढ़ती मात्रा से अब आमजन में भी चिंता की लकीरें बनने लगी है। कमिश्नरेट में गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी फायरिंग हुई।

डांगियावास थाना इलाके के सालवा कला में 007 गैंग के गुर्गे ने पुलिस पर दो फायर किए, जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली 007 के गैंग के गुर्गे अशोक जुड़ के बाएं पैर पर लगी, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस ने उसे दबोच लिया। गुर्गे अशोक जुड के पास से पुलिस ने 7 पिस्टल व 6 कारतूस बरामद किए। पुलिस पर जो फायरिंग की थी उसके दो खोल भी मिले।

डीसीपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि करवड़ थाना इलाके के लोरड़ी पंडित पर हथियार तस्कर के खरीद-फरोख्त की सूचना मिली थी। जिस पर करवड़ थाना अधिकारी भारत रावत टीम के साथ पहुंचे। जहां से जैसलमेर के साकड़ा निवासी बाबू सिंह व पेमड सिंह को गिरफ्तार किया।

उनके पास से एक एक पिस्टल व दो दो कारतूस बरामद किए गए। शांति भंग में जैसलमेर के शिव निवासी मोहन सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। बाबू सिंह व पेमड सिंह से पूछताछ में सामने आया कि 007 गैंग के गुर्गे अशोक से उन्होंने पिस्तौल खरीदी थी, वह डांगियावास इलाके की तरफ हथियार बेचने गया है। जिस पर तुरंत पुलिस ने डांगियावास पुलिस को अलर्ट किया व नाकाबंदी करवाई।

हथियार तस्कर ने बाइक रोकी और पुलिस पर किए फायर

डीसीपी यादव ने बताया कि करवड़ पुलिस की सूचना के आधार पर डांगियावास के सालवा कला में नाकाबंदी करवाई गई। तब थानाधिकारी कन्हैयालाल ने हथियार तस्कर अशोक जुड़ को  रुकने का इशारा किया।

वह 15-20 मीटर की दूरी पर रुक गया। उसके बाद पिस्तौल निकाल कर थानाधिकारी कन्हैया लाल पर फायर कर दिया, जिससे एक गोली उनके पहने बुलेट प्रूफ  जैकेट पर लगी और दूसरी गोली जीप पर लगी।

थानाधिकारी ने की जवाबी फायरिंग

डांगियवास थानाधिकारी कन्हैयालाल के अनुसार जब एक के बाद एक दो फायर किए गए तो पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें 1 गोली अशोक के बाएं पैर के घुटने के पास लगी। गोली लगते ही वह नीचे गिर गया तो पुलिस ने भागकर दबोच लिया। उसके पास से एक थैला मिला जिसमें  7 पिस्टल व 6 कारतूस बरामद कर उसे एमडीएम अस्पताल ले जाया गया।

अशोक का मामा भी पुलिस पर कर चुका फायरिंग,अब तक नहीं मिला

डीसीपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि साल 2019 में सारण नगर में अशोक का मामा सहीराम से भी पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। शुक्रवार को सहीराम के भांजे ने भी पुलिस पर फायर किया है। सहीराम साल 2019 से फरार चल रहा है जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही है।

अशोक जुड भी है मांजू गैंग 007 का गुर्गां

हथियार तस्करी व बासनी में चौपहिया वाहन चोरी के मामले में वांछित अशोक मांजू गैंग का गुर्गा है। पूर्व में भी अशोक के खिलाफ अलग-अलग थानों में संगीन अपराधों की धाराओं में मामले दर्ज हैं। हथियार तस्करी एवं मादक पदार्थों की तस्करी के लिए बासनी थाना इलाके से कई चौपहिया वाहन चुराए थे। वह मांजू गैंग 007 का गुर्गां है। यह गैंग कई लोगों को लेकर फिर से सक्रिय हुई है।