शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज की आम सभा में भवन निर्माण मांग

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज की आम सभा में भवन निर्माण मांग। शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज जोधपुर की आम सभा का आयोजन शिव पार्क,8 सेक्टर,चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में राधेश्याम शर्मा की अध्यक्षता में किया गया।

सभा में समाज के विस्तार और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में समाज भवन निर्माण की आवश्यकता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि शाकद्वीपीय समाज लंबे समय से शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में विभाजित होकर अलग- अलग स्थानों पर सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है।

शहरवासी जहां भास्कर वाटिका,चांदपोल में कार्यक्रम करते हैं वहीं ग्रामीण क्षेत्र से आकर जोधपुर में बसे समाज बंधु सूर्य प्रतिष्ठान,रातानाडा में अपने आयोजन करते हैं। समाज के तेजी से बढ़ते विस्तार को देखते हुए चौपासनी हाउसिंग बोर्ड एवं आसपास के क्षेत्रों में निवास कर रहे समाज बंधुओं के लिए एक स्थायी भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

इसी उद्देश्य से चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में समाज भवन हेतु भूमि आवंटन करवाने तथा भवन निर्माण के प्रस्ताव पर सहमति बनी। इसके लिए एक नई संस्था का गठन कर उसे पंजीकृत करवाने का निर्णय लिया गया,ताकि सरकार से भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

एमजीएच में वृद्धजन के लिए रामाश्रय वार्ड का लोकार्पण

सभा में पवन कुमार शर्मा, महेंद्र कुमार शर्मा तथा सुनिल कुमार शर्मा को प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई। ये तीनों अन्य समाज बंधुओं के सहयोग से क्षेत्रवार परिवार परिचय पत्र भरवाने का कार्य करेंगे, जिससे आगामी सभा में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड एवं आसपास के क्षेत्रों में निवासरत समाजबंधुओं की संख्या का आंकलन प्रस्तुत किया जा सके।

निर्णय लिया गया कि प्रारंभिक चरण में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड एवं आसपास के क्षेत्रों के समाजबंधुओं को जोड़ा जाएगा। इसके बाद संस्था का विधिवत गठन कर पंजीकरण कराया जाएगा तथा राष्ट्रीयकृत बैंक में संस्था का खाता खोला जाएगा।सभा में हाल ही में आयोजित सूर्य सप्तमी एवं महिलाओं के गवर उद्यापन कार्यक्रम की सफलता पर भी संतोष व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक नरेंद्र शर्मा,रोहिताष शर्मा, बनवारी लाल शर्मा, गिरधारी लाल शर्मा एवं अजय दवेरा विशेष रूप से आमंत्रित रहे। सभी ने एकमत से इस क्षेत्र में नई संस्था बनाकर सामाजिक गतिविधियों को संगठित रूप से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। महिला शक्ति की ओर से वीणा शर्मा,बबिता शर्मा,योगिता, सीमा शर्मा,पुष्पा शर्मा, अनिता शर्मा,काजल शर्मा, रविता शर्मा एवं गोमती शर्मा सहित चौपासनी हाउसिंग बोर्ड शाकद्वीपीय समाज टीम के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।