सांसद खेल महोत्सव 2025 का रंगारंग आगाज़

  • ध्वजारोहण,मशाल रिले और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ खेल महोत्सव शुरु
  • सहभागिता में जोधपुर संसदीय क्षेत्र देश में दूसरे स्थान पर
  • रचा नया कीर्तिमान
  • समापन गुरुवार को गौशाला मैदान में

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सांसद खेल महोत्सव 2025 का रंगारंग आगाज़। फिट इंडिया एवं खेलो इंडिया की राष्ट्रीय संकल्पना के साथ सांसद खेल महोत्सव 2025 का रंगारंग शुभारंभ बुधवार को क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान में उत्साह, गरिमा एवं राष्ट्रभाव से परिपूर्ण वातावरण में समारोह पूर्वक शुरू हुआ।

आयोजन का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके पश्चात तिरंगे गुब्बारे उड़ाए गए तथा मशाल रिले,मार्च-पास्ट एवं अभिमुख प्रयाण के माध्यम से खिलाड़ियों ने अनुशासन,एकता एवं खेल का प्रदर्शन किया। समारोह के मुख्य अतिथि शहर विधायक अतुल भंसाली ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकसित भारत संकल्पना- 2047 के अनुशंगिक स्तंभ फिट इंडिया एवं खेलो इंडिया का सजीव स्वरूप सांसद खेल महोत्सव है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं की खेल प्रतिभा को तराशना,खेल संस्कृति को सुदृढ़ करना तथा पारंपरिक खेलों के संरक्षण एवं संवर्धन के माध्यम से स्वस्थ,सक्रिय और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आयोजन का गौरव
उद्घाटन समारोह में लाल अंगी गैर एवं सफेद अंगी गैर नृत्य, पंजाबी भांगड़ा तथा बीएसएफ बैंड द्वारा प्रस्तुत ‘वंदे मातरम्’ की ओजपूर्ण धुन ने समूचे वातावरण को राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह से सराबोर कर दिया। खेल,संस्कृति और देशभक्ति के अद्भुत संगम का साक्षी बना यह समारोह अविस्मरणीय रहा।कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपत लाल सुथार ने स्वागत उद्बोधन दिया।आयोजन से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन रखा।

डीआरएम ने डेगाना-रतनगढ़ रेलखंड के स्टेशनों पर जांची सुविधाएं

देश में जोधपुर संसदीय क्षेत्र द्वितीय स्थान पर
सांसद खेल महोत्सव 2025 चार चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें 1,30,056 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया,ग्राम एवं शहरी स्तर से चयनित होकर 17,952 खिलाड़ी ब्लॉक स्तर तक पहुँचे तथा विधानसभा स्तर पर विजेता बने 1,619 खिलाड़ियों ने संसदीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता दर्ज कराई। भागीदारी के मामले में जोधपुर संसदीय क्षेत्र ने देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। खिलाड़ी कबड्डी,फुटबॉल,खोखो, बास्केटबॉल,वॉलीबॉल,रस्साकशी, एथलेटिक्स एवं योगासन सहित कुल 8 खेल विधाओं में अपने कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में पूर्व महापौर वनिता सेठ, त्रिभुवन सिंह भाटी,राजेंद्र पालीवाल, सांसद खेल महोत्सव के संयोजक महेंद्र मेघवाल,मनीष पुरोहित,गौरव जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। संचालन डॉ.लक्ष्मण सिंह गड़ा एवं रतन सिंह चंपावत ने किया।

समापन गुरुवार को गौशाला मैदान में
सांसद खेल महोत्सव का समापन गुरुवार 25 दिसंबर को प्रातः 9 बजे शाला क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान में होगा,जिसमें जोधपुर सांसद केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में डॉ.प्रेम भंडारी एवं विरासत कल्चरल सोसायटी,धनोरा (पंजाब) द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी जाएंगी।

गुड गवर्नेंस डे के रूप में मनाया जाएगा समापन दिवस
समापन दिवस पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर उनके राष्ट्रनिर्माण में योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित की जाएगी।