मुख्यमंत्री भजनलाल ने ली भाजपा की संगठनात्मक बैठक
–सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का किया आह्वान
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मुख्यमंत्री भजनलाल ने ली भाजपा की संगठनात्मक बैठक। नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा जोधपुर शहर की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक शनिवार को आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पदाधिकारियों,चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्यों, मंडल अध्यक्षों,पार्षद प्रत्याशियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूरी ताकत और एकजुटता के साथ चुनाव में जुटने का आह्वान किया।
गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महासभा का राष्ट्रीय महाधिवेशन एवं युवाम-द्वितीय संपन्न
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं तथा बूथ की मजबूती ही संगठन की वास्तविक मजबूती है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ और वार्ड को जिम्मेदारी के साथ मजबूत करे तथा घर-घर जन संपर्क अभियान को गति दे। कार्यकर्ता आमजन से संवाद कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी हर परिवार तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव जनसेवा,संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की मेहनत को जनता के सामने रखने का अवसर है। सभी कार्यकर्ता अनुशासन, समर्पण और आपसी समन्वय के साथ वार्डवार रणनीति बनाकर प्रभावी चुनाव प्रबंधन सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली,पानी, सड़क, सिंचाई और पेयजल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति दे रही है। नर्मदा एवं यमुना के पानी को राजस्थान तक पहुंचाने तथा पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं और बूथ स्तर पर निरंतर संपर्क बनाए रखें।
बैठक में ओंकार सिंह लखावत, मंत्री जोगाराम पटेल,राजेन्द्र गहलोत,भूपेन्द्र सैनी,किशोर सिंह कनोड़,नारायण सिंह देवल,जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल,त्रिभुवन सिंह भाटी, घनश्याम ओझा सहित चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य,मंडल अध्यक्ष,पार्षद प्रत्याशी एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। अंत में प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सैनी ने आभार व्यक्त किया।
