रामलीला मैदान पर रावण दहन

  • रावण को जोधपुरी अचकन सिल्क की धोती और जूतियां पहनाई
  • दशहरा आज
  • 60 फीट रावण का होगा दहन
  • नाभि में लगेगा अग्नि बाण
  • मुंह और आंखों से बरसेंगे अंगारे

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रामलीला मैदान पर रावण दहन।नगर निगम जोधपुर की ओर से इस बार भी विजयादशमी पर भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। रामलीला मैदान में मंगलवार को करीब 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।

इस दौरान आकर्षक आतिशबाजी के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा। रावण की नाभि में अग्निबाण लगते ही उसके हाथ में थामी चकरी घूमेगी और मुंह व आंखों से अंगारे बरसेंगे। इसके अलावा मेघनाद, कुंभकर्ण,शूर्पणखा और ताडक़ा के पुतलों का भी दहन किया जाएगा।

नगर निगम की ओर से दशहरा महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रामलीला मैदान में आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने बताया कि पर्व को यादगार बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। रावण के पुतले को पारंपरिक अंदाज में धोती,जोधपुरी अचकन, सिल्क की धोती और जूतियां पहनाई गई हैं।
पहले रावण के परिजनों के पुतलों का दहन होगा, इसके बाद गोधूलि बेला में अहंकार के प्रतीक रावण का दहन किया जाएगा।

मेहरानगढ़ से निकलेगा रामरथ 
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे निगम अधिकारी और पूर्व राजपरिवार के सदस्य मेहरानगढ़ पहुंचकर प्रभु श्रीराम और मां चामुंडा की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद निर्धारित मुहूर्त में राज व्यास विधिवत पूजा के साथ श्रीराम की सवारी रवाना करेंगे।

रंगारंग डांडिया रास का समापन

रामरथ यात्रा के आगे शहर के विभिन्न अखाड़ा दलों के कार्यकर्ता हैरत अंगेज करतब दिखाते हुए चलेंगे। यात्रा मार्ग में आने वाले मंदिरों में पूजा- अर्चना की जाएगी तथा नगर निगम की ओर से भेंट राशि अर्पित की जाएगी। रामलीला मैदान पहुंचने पर अखाड़ा दलों के प्रभारियों का सम्मान किया जाएगा। इस दौरान शहर की पारंपरिक संस्कृति,धार्मिक आस्था और शौर्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

सुरक्षा और पेयजल के पुख्ता इंतजाम 
उप महापौर विजय सिंह पंवार ने बताया कि इस बार दशहरा महोत्सव में परंपरा,भक्ति,शौर्य और आधुनिक आतिशबाजी का संगम देखने को मिलेगा। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

रामलीला मैदान में बैरिकेडिंग की गई है तथा पुलिस प्रशासन के साथ सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई है। अखाड़ा संचालकों और आमजन के लिए रावण दहन स्थल के पास पेयजल की व्यवस्था भी रहेगी।

अलग-अलग द्वारों से मिलेगा प्रवेश 
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेले में प्रवेश के लिए अलग- अलग द्वार निर्धारित किए गए हैं। गेट नंबर एक से रामरथ और अखाड़ा दलों को प्रवेश दिया जाएगा, जबकि गेट नंबर तीन से आठ तक आमजन प्रवेश कर सकेंगे। कार्डधारकों के लिए बरकतुल्लाह खान स्टेडियम का मुख्य प्रवेश द्वार निर्धारित किया गया है।वीआईपी अतिथि और मीडियाकर्मी कल्पतरु सिनेमा के सामने स्थित गेट नंबर नौ से प्रवेश कर सकेंगे।