रेण स्टेशन से हटाए मधुमक्खियों के छत्ते

यात्रियों को मिली राहत

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रेण स्टेशन से हटाए मधुमक्खियों के छत्ते।यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल प्रशासन ने जोधपुर मंडल के रेन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटाने की महत्वपूर्ण कार्रवाई सफलता पूर्वक पूरी की है।
लंबे समय से इन छत्तों के कारण यात्रियों में भय और असहजता का माहौल बना हुआ था तथा विशेष रूप से भीड़भाड़ के समय किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती थी।

जानकारी के अनुसार प्लेटफॉर्म के शेड एवं ऊंचे ढांचों पर बने इन छत्तों के चलते कई बार मधुमक्खियों के झुंड प्लेटफॉर्म पर मंडराते देखे गए थे,जिससे यात्री,विशेषकर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग काफी परेशान थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया।

टीम द्वारा सुनियोजित तरीके से सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए छत्तों को हटाने का कार्य किया गया। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर आवश्यकतानुसार सीमित समय के लिए आवागमन नियंत्रित किया गया ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। पूरी प्रक्रिया के दौरान रेलवे सुरक्षा बल एवं संबंधित विभागों की टीम मौके पर मौजूद रही और सतर्कता बरती गई।

वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक की सर्वाधिक माल ढुलाई आय ₹1346.90 करोड़ अर्जित

जोधपुर मण्डल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संभावित जोखिम की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। इस प्रकार के छत्तों को हटाने के साथ-साथ भविष्य में इनके पुनः निर्माण को रोकने के लिए नियमित निगरानी और आवश्यक निवारक उपाय किए जा रहे हैं।

यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित
छत्तों को हटाए जाने के बाद अब प्लेटफॉर्म संख्या 1 एवं 2 पर यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित और सुगम हो गई है। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए रेल प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।