Doordrishti News Logo

प्रदेश में 3 नए तहसील और 1 उप तहसील खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी

  • जोधपुर में झंवर, कुड़ी भगतासनी और घंटियाली नए तहसील
  • प्रतापगढ़ में उप तहसील मूंगाणा का सृजन

जयपुर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में प्रशासनिक इकाइयों के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए 3 नए तहसील और 1 उप तहसील खोलने के प्रशासनिक प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इसमें जोधपुर जिले में नए तहसील झंवर कार्यालय और पटवार मंडलों, भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्तों के सृजन करने के लिए स्वीकृृति मिली है। इससे स्थानीय जनता को घर के नजदीक ही तहसील से संबंधित कार्यों की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इस कार्यालय सृजन से नवीन तहसील झंवर के क्षेत्राधिकार में 3भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त,14 पटवार मंडल एवं 79 राजस्व ग्राम शामिल हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा बजट सत्र 2022-23 के दौरान वित्त एवं विनियोग विधेयक चर्चा के दौरान बिंदु संख्या 86 में नवीन कार्यालय सृजन की घोषणा की थी।

कुड़ी भगतासनी और घंटियाली अब नवीन तहसील

मुख्यमंत्री ने जोधपुर जिले की उप तहसील कुड़ी भगतासनी को नवीन तहसील और उप तहसील घंटियाली को नवीन तहसील के रूप में क्रमोन्नत करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी है। कुड़ी भगतासनी के क्षेत्राधिकार में 3 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त,11 पटवार मंडल एवं 24 राजस्व ग्राम शामिल हो रहे हैं। घंटियाली के क्षेत्राधिकार में 5 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त,17 पटवार मंडल और 46 राजस्व ग्राम शामिल किए गए हैं।

प्रतापगढ़ में नवीन उप तहसील मूंगाणा का सृजन

इसी प्रकार प्रतापगढ़ जिले में नवीन उप तहसील मूंगाणा के सृजन के प्रशासनिक प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है। इस कार्यालय के क्षेत्राधिकार में 4 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त (01 पूर्ण व 03 आंशिक), 09 पटवार मंडल एवं 45 राजस्व ग्राम शामिल होंगे।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Related posts: