आलोक रंजन ने संभाला जिला कलक्टर जोधपुर का पदभार
- मीडिया से किया संवाद
- प्रथम बैठक में दिए स्पष्ट निर्देश -जनहित को बताया सर्वोपरि
- फ्लैगशिप योजनाओं एवं पंच गौरव कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा फोकस
- बजट घोषणाओं एवं आधारभूत अवसंरचनाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आलोक रंजन ने संभाला जिला कलक्टर जोधपुर का पदभार। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आलोक रंजन ने शनिवार प्रातः जोधपुर के जिला कलक्टर का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने मीडिया से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं प्रमुख कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जिले के समग्र विकास को गति प्रदान की जाएगी।
डीआरएम का जोधपुर-मेड़ता रोड रेलखंड का नाइट निरीक्षण
उन्होंने राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी पंच गौरव कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जिले के संतुलित एवं समावेशी विकास का आधार बनेगा। आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
पदभार ग्रहण के पश्चात रंजन ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ प्रथम बैठक आयोजित कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने समयबद्ध कार्य निष्पादन, उत्तरदायित्व निर्धारण तथा समन्वित टीमवर्क पर बल देते हुए अधिकारियों को लक्ष्य-उन्मुख कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य किया जाए।
बैठक में रंजन ने बजट घोषणाओं की प्रगति,जनसुनवाई तंत्र की प्रभावशीलता,आधारभूत अवसंरचनाओं जैसे सड़क,पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, नहरबंदी प्रबंधन,स्वास्थ्य तथा शैक्षणिक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी,सीईओ जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा,एडीएम (प्रथम) जवाहर चौधरी,एडीएम (द्वितीय) सुरेंद्र राजपुरोहित, एडीएम (शहर-द्वितीय) एवं एसडीएम (उत्तर) प्रीतम कुमार, एसडीएम बालेसर मोहनलाल, एडीएम (शहर-प्रथम) अंजुम ताहिर सम्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
