Doordrishti News Logo

कायलाना झील से मशक्कत के बाद 4 लोगों की टीम ने निकाली थार

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कायलाना झील से मशक्कत के बाद 4 लोगों की टीम ने निकाली थार। शहर की कायलाना झील में 35 फीट गहराई में डूबी एसयूवी थार को छठे दिन रविवार को साढ़े 6 घंटे की मशक्कत के बाद 4 लोगों की टीम ने बाहर निकाला। सिद्धनाथ से कायलाना आने वाले रास्ते पर हाइड्रोलिक क्रेन आई। इसके बाद सुबह 10 बजे रेस्क्यू शुरू हुआ।

गाड़ी को दोपहर करीब 3.30 बजे हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से बाहर निकाला जा सका। पूरे रेस्क्यू के दौरान बोट की मदद ली गई। 35फीट गहराई में जाकर गोताखोर भरत कड़वासरा ने पहले ही लोकेशन देख ली,लेकिन फिर भी एसयूवी को बाहर निकालने में समय लग गया। काफी देर तक उसे खींचकर बाहर लाने की कोशिश की। सभी प्रयास बेकार गए।

आखिरकार गोताखोर चौधरी ने तार के दो एंगल को टायर में फंसाया। इसके बाद उसे धीरे-धीरे खींचकर किनारे तक लाए। फिर हाइड्रोलिक क्रेन के हुक से बांध दिया। फिर धीरे-धीरे उसे ऊपर खींचकर बाहर निकाला गया। रेस्क्यू में गोताखोर भरत चौधरी, वेलाराम, रामूराम और कांस्टेबल रमेश बिश्नोई शामिल थे।

लापरवाही फायर सेफ्टी सिस्टम फेल: होटल के कमरे में लगी भीषण आग

उल्लेखनीय है कि 24 फरवरी को जयपुर निवासी अनिरुद्ध और बोरानाडा निवासी किशन सिंह कायलाना घूमने के लिए जा रहे थे। सिद्धनाथ वाले रास्ते से आते समय उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर 25 फीट गहराई से कायलाना में जा गिरी। गाड़ी का शीशा फूटने और सनरूफ के रास्ते दोनों बाहर निकलकर गाड़ी को पकड़ कर लटके रहे। करीब 10 मिनट बाद ही गोताखोर चौधरी,चौकी से कांस्टेबल दिनेश सोढ़ा और रमेश बिश्नोई ने दोनों दोस्तों को सुरक्षित बाहर निकाला।

संसाधनों की कमी आई थी सामने 
गोताखोर भरत चौधरी का कहना है कि हम लोगों की जान बचाने का काम करते हैं। इसके लिए संसाधन जरूरी है। अगर सरकार की तरफ से ऐसे कामों के लिए ऑक्सीजन किट की भी व्यवस्था हो जाए,तो रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत नहीं आए।