संत पीपाजी के जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा

जगह जगह हुआ स्वागत सत्कार

जोधपुर,संत पीपाजी के जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा। संत शिरोमणि पीपाजी की 701वी जयंती आज जोधपुर में श्रृद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनायी गई। पीपा क्षत्रिय समाज के लोगों में अपने आराध्य देव पीपाजी के जन्मोत्सव को लेकर भारी उत्साह छाया हुआ है। सुबह से ही शहर के पीपा मन्दिरों पर भक्तों के पहुंचने का तांता लग गया था। लोगों ने अपने अपने घरों में आराध्य देव की पूजा अर्चना की बाद में शोभायात्रा में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें – 24 घंटों में महिला व्याख्याता को लूटने वाला गिरफ्तार

समस्त पीपी क्षत्रिय न्याति ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश चावड़ा तथा सचिव नरेश सोलंकी ने अतिथियों का स्वागत किया। चावड़ा व सोलंकी ने बताया कि 701वीं पीपा जयन्ती 23 अप्रैल को पूरे देश में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाई जा रही है। जोधपुर में आज सुबह शहर के सभी पीपाजी के मन्दिरों पर प्रात: पूजा अर्चना के साथ ही हवन किया गया। समाज के लोगों ने अपने अपने घरों में आराध्य देव की पूजा पाठ कर विश्व शांति की प्रार्थना की।

शोभायात्रा में शामिल हुए जनप्रतिनिधि
विजय चौक स्थित पीपाजी के मन्दिर से करीब 11बजे शोभायात्रा विजेन्द्र गोयल की देखरेख में रवाना हुई। शोभायात्रा को सांसद राजेन्द्र गहलोत, सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, महापौर उत्तर कुन्ती देवड़ा,कांग्रेस प्रत्याशी करणसिंह उचियारड़ा,जेडीए के पूर्व चेयरमैन राजेन्द्र सोलंकी,उप महापौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह भी पढ़ें – निजी कंपनी कर्मचारी पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास

पचास से अधिक झांकियां निकाली गई
इस शोभायात्रा में पचास से अधिक झांकियां शामिल थी सबसे आगे घोड़ों का लवाजमा चल रहा था। इनमें संत पीपाजी की जीवनी से संबंधित झांकी के साथ ही भारतीय सनातन संस्कृति से ओतप्रोत झांकियां लोगों का मन मोह रही थी। सूरसागर व विधानगर भवन से आने वाली झांकियां मुख्य शोभायात्रा में शामिल हुई। शोभायात्रा में 501 मातृशक्ति मंगल कलश चल रही थी। मुख्य शोभायात्रा विजय चौक मंदिर से रवाना होकर अजय चौक, उम्मेद चौक,त्रिपोलिया बाजार, सोजती गेट,नई सडक़,मोहनपुरा पुलिया होते हुए रातानाडा स्थित न्याति भवन पहुंची। शोभायात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया।
उम्मेदचौक में पार्षद राजेश कच्छावाहा के नेतृत्व में क्षेत्र के निवासियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। विसर्जन के बाद रातानाडा स्थिति आर्य समाज के भवन में पीपा प्रसादी का आयोजन रखा गया। करीब दस हजार समाज बंधुओं ने सामूहिक प्रसादी में शिरकत की।

यहां भी मनाई पीपा जयंती
मसूरिया बाबा रामदेव मन्दिर के तत्वावधान में अनेक स्थानों पर पीपा जयन्ती समारोह पूर्वक मनाई गई। अध्यक्ष नरेंद्र कुमार चौहान ने बताया कि मसूरिया,गुरां तालाब स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर,दर्जियों का चौक स्थित राम बंगला,चांद पोल स्थित बाबा के मन्दिरों पर सुबह पूजा अर्चना, सुन्दर काण्ड पाठ सहित सामूहिक प्रसादी का आयोजन किया गया।आज पीपा क्षत्रिय समाज के लोगों ने अपने अपने प्रतिष्ठान का अवकाश रखा।

दूरदृष्टि न्यूज़ की एप्लीकेशन यहाँ से इनस्टॉल कीजिए – https://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews