Doordrishti News Logo

पता पूछने के बहाने वृद्धा के आभूषण लूटे बदमाशों ने

  • लहूलुहान हुई वृद्धा
  • कानों की टोटियां खींचकर उतारी
  • कंठी और बोर भी ले गए
  • बदमाशों की कमीज फ़टी

जोधपुर, शहर के निकट केलावांकला -आंगणवा रोड पर एक वृद्धा को पता पूछने के बहाने दो लुटेरों ने छीना झपटी कर उसके पहने आभूषण ले गए। कानों से खींचकर उतारी गई टोटियों से वृद्धा जख्मी होने के साथ लहूलुहान हो गई। उसके पहनी कंठी और सोने का बोर भी बदमाश ले गए। बदमाश मारवाड़ी भाषा में बोल रहे थे। ऐसे में संभावना बनी है कि लुटेरे स्थानीय हो सकते हैं। घटना के बाद पुलिस की तरफ से रेंज भर में नाकाबंदी करवाई गई। मगर फिलहाल सुराग हाथ नहीं लगा है। घटना गुरूवार को दिन में हुई थी। सड़क़ पर कोई कैमरा भी नहीं लगा है। वृद्धावस्था के कारण गाड़ी के नंबर भी वह नहीं देख पाई। आज सुबह के लावा गांव के काफी लोग थाने पहुंचे और बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बदमाशों के शीघ्र पकड़े जाने का आश्वासन भी दिया।

करवड़ पुलिस थाने के एएसआई हिरेंद्र कुमार ने बताया कि भाखरों की ढाणी केलावाकलां की रहने वाली 65 साल की मूली देवी पत्नी खुमाराम जाट गुरूवार को नरेगा में आवेदन के लिए केलावा पंचायत की तरफ घर से पैदल निकली थी। वह अकेली थी। केलावाकलां-आंगणवा रोड पर पहुंचने पर पीछे एक बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने मूली देवी से पहले मेघवालों के मकानों के बारे में पूछा। वह कुछ बता पाती उससे पहले ही बदमाशों ने धक्का देकर मूलीदेवी को नीचे गिरा दिया। बाद में जबरन कानों में पहने सोने की टोटियां, कंठी और बोर लूट लिए।

कानों की टोटियां खींचने पर खून रिसने लग गया था। मूली देवी ने काफी संघर्ष बदमाशों से किया था। उनकी कमीज को पकडऩे पर बटन टूट कर गिर गया और कमीज भी फट गई थी। एएसआई हिरेंद्र कुमार के अनुसार पास में ही एक सरकारी स्कूल है जहां पहुंच कर स्कूल वालों को सूचना दी। बाद में पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। इस पर रेंज भर की पुलिस को सूचना दिए जाने के साथ नाकाबंदी करवाई गई। युवक बोलचाली में मारवाड़ी प्रतीत हो रहे थे।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Related posts: