जोधपुर, देश के उत्तरी इलाकों सहित प्रदेश में हो रही बारिश ने सर्दी में इजाफा कर दिया है। मारवाड़ में भी इसका असर तेजी पर है और सर्दी पूरी तरह चमक उठी है। मारवाड़ में पांच दिनों से सुबह व दोपहर तक घना कोहरा छाने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बुधवार को कुछ कोहरा छंटा मगर हवा की गति बढऩे से सर्दी ने ठिठुरन को बढ़ा दिया है। अलसुबह पेड़ पौधों पर ओस जमने लगी है। शीत ऋतु जनवरी में मानो कहर ढा रही है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में मंगलवार को मावठ के बाद पूरे प्रदेश में सर्दी की रंगत बढ़ गई है। आसमां मेें भी हल्के बादल छाए हुए हैं। जोधपुर शहर और इसके आस पास ग्रामीण इलाकों में सर्दी का असर आज तेज देखा गया। घने कोहरे के बीच सुबह लोगों की नींद टूटी। दोपहर तक कुछ कोहरा छंटता नजर आया। रात दस बजे बाद फिर सड़क़ों पर रोशनी में कोहरा नजर आने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी तीन चार दिनों तक इसी तरह मौसम बने रहने की चेतावनी जारी कर रखी है। कोहरे और ठंड के कारण जोधपुर शहर का पारा गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। आज सवेरे जोधपुर का पारा 7.7 डी से. दर्ज किया गया। सवेरे के समय काम पर जाने वाले लोग ही सड़क़ों पर दिखाई दिये। अधिकांश लोग घरों में ही दुबके रहे। लोग ठंड भगाने के अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। जोधपुर के साथ ही संभाग के जैसलमेर व पाली में भी तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। आज सवेरे बाड़मेर में 10.6, पाली में 8.6 व जैसलमेर में 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
कोहरे के आग़ोश में थार, जनजीवन प्रभावित, सूर्यदेव की लुकाछिपी

ByEditor in Chief- RS Thapa
Jan 6, 2021