निर्वाचन प्रशिक्षण में अनुपस्थित 21 कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),निर्वाचन प्रशिक्षण में अनुपस्थित 21 कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस। राजस्थान पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 को स्वतंत्र,निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्य में नियुक्त कार्मिकों का प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रमानुसार आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार 23 अक्टूबर को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चोपासनी हाउसिंग बोर्ड, दूसरा पुलिया,जोधपुर में आयोजित निर्वाचन प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे 21 कार्मिकों जिसमें 12 मतदान अधिकारी एवं 09 सहायक मतदान अधिकारी प्रथम को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
प्रभारी अधिकारी, कार्मिक प्रकोष्ठ एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने कहा कि निर्वाचन प्रशिक्षण चुनाव प्रक्रिया का एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य अंग है। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों,निर्धारित प्रक्रियाओं,मतदान सामग्री के उपयोग तथा मतदान दिवस पर संपादित किए जाने वाले कार्यों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की जाती है।
प्रशिक्षण में अनुपस्थिति से निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं दायित्वों के निर्वहन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है।
मिश्रा ने बताया कि निर्वाचन कार्य में नियुक्त प्रत्येक कार्मिक का यह दायित्व है कि वह निर्धारित समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करे तथा सौंपे गए निर्वाचन दायित्वों का पूर्ण गंभीरता,निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जा रहा है।
रोडवेज बसों में पत्रकारों को दिल्ली तक निःशुल्क यात्रा बहाल
अनुपस्थित कार्मिकों को जारी कारण बताओ नोटिस में निर्धारित समयावधि में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राप्त स्पष्टीकरण एवं उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा निर्देशों की अवहेलना को स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी नियुक्त कार्मिक निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अपनी सक्रिय एवं जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करें।
