24-25 अक्टूबर को जोधपुर में सजेगा लोक संस्कृति का रंगारंग उत्सव
- मारवाड़ महोत्सव-2026
- मेहरानगढ़ से ओसियां के रेतीले धोरों तक होंगी विविध सांस्कृतिक गतिविधियां
- सभी कार्यक्रमों में प्रवेश निःशुल्क
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),24-25 अक्टूबर को जोधपुर में सजेगा लोक संस्कृति का रंगारंग उत्सव। राजस्थान पर्यटन विभाग द्वारा मारवाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति,गौरवशाली परंपराओं और जीवंत लोक कलाओं को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से 24 एवं 25 अक्टूबर को जोधपुर में दो दिवसीय मारवाड़ महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा।
रेलवे कारखाना में 19 दिन में 1.32 करोड़ का स्क्रैप निस्तारित
महोत्सव के दौरान मेहरानगढ़ दुर्ग,राजकीय उम्मेद स्टेडियम,सम्राट अशोक उद्यान एवं ओसियां के रेतीले धोरों सहित विभिन्न स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक प्रतियोगिताओं, हस्तशिल्प प्रदर्शनियों और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन होगा। महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में आमजन एवं पर्यटकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
मारवाड़ दुर्ग पर सूर्य आराधना से होगा प्रथम दिवस का आगाज
महोत्सव के प्रथम दिवस 24 अक्टूबर को प्रातः 6.15 बजे मेहरानगढ़ पर सूर्य आराधना के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। प्रातः 7 बजे दुर्ग से क्लॉक टावर तक हेरिटेज वॉक आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात प्रातः 8 बजे क्लॉक टावर से राजकीय उम्मेद स्टेडियम तक शोभायात्रा निकाली जाएगी,जिसमें मारवाड़ की सांस्कृतिक विरासत एवं पारंपरिक रंगों की झलक देखने को मिलेगी।
उम्मेद स्टेडियम में पारंपरिक प्रतियोगिताएं और बीएसएफ का विशेष प्रदर्शन
राजकीय उम्मेद स्टेडियम में प्रातः 8.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक बीएसएफ केमल्स टैटू शो एवं हथियार प्रदर्शनी के साथ पतंग प्रदर्शन एवं पतंगबाजी,सैंड आर्ट और लाइव पेंटिंग जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
इस दौरान मूंछ प्रतियोगिता,साफा बांधने, मिस मारवाड़,मारवाड़ श्री,रस्साकशी एवं मटका दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। ये आयोजन मारवाड़ की पारंपरिक जीवनशैली,लोक अभिरुचियों और सांस्कृतिक पहचान को सजीव रूप में प्रस्तुत करेंगे। विभिन्न पर्यटक स्थलों पर लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां भी दी जायेगी।
हस्तशिल्प प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाओं का संगम
सम्राट अशोक उद्यान में 24 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से शाम 7.30 बजे तक हस्तशिल्प प्रदर्शनी आयोजित होगी। इसी स्थल पर शाम 7.30 से रात 9.30 बजे तक सांस्कृतिक संध्या में पीयूष पंवार (इंडियन आईडल फेम) एवं लोक कलाकारों सहित विभिन्न कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। यह आयोजन क्षेत्र की पारंपरिक कला, शिल्प और लोक संगीत को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान प्रदान करेगा।
दूसरे दिन ओसियां के धोरों में मरुस्थलीय पर्यटन का आकर्षण
महोत्सव के दूसरे दिन 25 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से शोभायात्रा तथा दोपहर 3 बजे से ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ओसियां के रेतीले धोरों में दोपहर 3 से शाम 6.30 बजे तक पतंग प्रदर्शन एवं पतंगबाजी,शाम 4 से 7 बजे तक कैमल सफारी तथा शाम 4 से रात 9 बजे तक फूड एवं क्राफ्ट प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। शाम 7 से रात 9 बजे तक सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम के समापन पर ओसियां गांव के धोरों पर आतिशबाजी भी की जाएगी।
पर्यटकों एवं आमजन से महोत्सव में सहभागिता की अपील
मारवाड़ महोत्सव मारवाड़ की सांस्कृतिक अस्मिता, लोक परंपराओं और कलात्मक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। राजस्थान पर्यटन विभाग ने आमजन एवं देश- विदेश से आने वाले पर्यटकों से महोत्सव में अधिकाधिक सहभागिता कर मारवाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव करने की अपील की है।
