अर्बन हाट में दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार व ओडी ओपी प्रदर्शनी शुरू

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अर्बन हाट में दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार व ओडी ओपी प्रदर्शनी शुरू। स्थानीय हस्तशिल्प को वैश्विक बाजार देने के लिए पाली रोड स्थित अर्बन हाट में दीपोत्सव क्राफ्ट बाजार एवं पंच गौरव ओडीओपी प्रदर्शनी का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। जिला प्रशासन,जिला उद्योग केंद्र और उद्यम प्रोत्साहन संस्थान की ओर से आयोजित मेले का उद्घाटन जिलाधीश आलोक रंजन की अध्यक्षता में हुआ।

समारोह में जिला परिषद सीईओ आशीष कुमार मिश्रा, लघु उद्योग भारती के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा सहित अधिकारी मौजूद थे। उद्घाटन पर घूमर,चरी और कच्छी घोड़ी नृत्य ने राजस्थानी संस्कृति की झलक पेश की।

जिला परिषद में 208 और पंचायत समिति में 307 नामांकन

जिला कलक्टर ने स्टॉलों का अवलोकन कर शिल्पकारों से संवाद किया और उनकी कला की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। सीईओ आशीष मिश्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके शिल्पकारों को सम्मानित किया।

प्रदर्शनी में जोधपुर के ओडी ओपी उत्पाद लकड़ी के फर्नीचर,सालावास की दरियां, आरी-तारी,जरी कला,चित्रकला के साथ लाख की चूड़ियां,कोटा डोरिया,रेशम साड़ी,बंधेज,जूट बैग,पॉटरी, खादी उत्पाद, पापड़-अचार सहित विविध हस्तशिल्प प्रदर्शित हैं। म्यूजियम हॉल में ऊंट की हड्डी से बने जसवंत थड़ा और एक थंबा महल के मॉडल आकर्षण का केंद्र हैं।

जीवंत प्रदर्शन में सालावास के गनी मोहम्मद द्वारा लूम पर दरी बनाना,वर्षा माली द्वारा चाक पर मिट्टी के बर्तन और रामरख जाट द्वारा रस्सी बुनाई की कला दिखाई जा रही है। मेले में दिल्ली,यूपी,बंगाल, एमपी, छत्तीसगढ़ सहित जैसलमेर, बीकानेर,नागौर,बाड़मेर,पाली और जोधपुर के कारीगर भाग ले रहे हैं।फूड कोर्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हो रहे हैं।