मतदान पश्चात मतदान दलों के लिए भुगतान व वाहन मुक्ति एवं ड्यूटी प्रमाण पत्र की व्यवस्थाएं निर्धारित

  • नगरीय निकाय आम चुनाव-2026
  • राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में तीन टेंटों में नगर पालिका वार पृथक-पृथक काउंटर स्थापित होंगे

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मतदान पश्चात मतदान दलों के लिए भुगतान व वाहन मुक्ति एवं ड्यूटी प्रमाण पत्र की व्यवस्थाएं निर्धारित।नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नगर पालिका बालेसर सत्ता,तिंवरी, बिलाड़ा,भोपालगढ़, मथानिया एवं पीपाड़- शहर में 9 सितंबर को मतदान संपन्न होने के पश्चात मतदान दलों द्वारा निर्वाचन सामग्री जमा करवाने के बाद उनके यात्रा भत्ता भुगतान, वाहनों के अधिग्रहण मुक्ति प्रमाण पत्र एवं ड्यूटी प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्थाएं निर्धारित की गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि मतदान पूर्ण होने के पश्चात संबंधित नगर पालिका मुख्यालय पर चिन्हित स्ट्रॉन्ग रूम में निर्धारित काउंटरों पर ईवीएम एवं संबंधित लिफाफे,मतपत्र प्रकोष्ठ के सांविधिक एवं असांविधिक लिफाफे तथा स्टोर सामग्री जमा करवानी होगी। सामग्री जमा करवाने की रसीद प्राप्त करने के बाद ही मतदान दलों के लिए आगे की प्रक्रियाएं पूर्ण की जाएंगी।

यात्रा भत्ता भुगतान के लिए टेंट संख्या 01 में काउंटर
उन्होंने बताया कि मतदान दलों द्वारा संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को समस्त निर्वाचन सामग्री जमा करवाने की रसीद की जांच के पश्चात यात्रा भत्ता बिलों के भुगतान की व्यवस्था राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय,जोधपुर परिसर में स्थापित टेंट संख्या 01 में की गई है। यहां छहों नगर पालिकाओं के लिए नगर पालिका वार पृथक- पृथक सब-काउंटर स्थापित किए जाएंगे।

केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग

इसी टेंट में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के यात्रा भत्ता बिलों के भुगतान के लिए भी पृथक काउंटर स्थापित किया जाएगा। भुगतान प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी द्वारा आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।

वाहनों की लॉग बुक पूर्ति एवं अधिग्रहण मुक्ति की व्यवस्था टेंट संख्या 02 में
वाहनों की लॉग बुक पूर्ति, अधिग्रहण से मुक्ति एवं वाहनों के भुगतान/समायोजन की व्यवस्था के लिए टेंट संख्या 02 स्थापित किया जाएगा। इसमें भी नगर पालिका वार पृथक-पृथक सब-काउंटर बनाए जाएंगे।

यातायात प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी एवं अपर जिला कलक्टर शहर प्रथम,जोधपुर द्वारा वाहनों की लॉग बुक पूर्ण करवाने एवं अधिग्रहण मुक्ति की कार्यवाही की जाएगी। भुगतान प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी एवं कोषाधिकारी (ग्रामीण), जोधपुर द्वारा वाहनों के भुगतान एवं समायोजन की कार्यवाही की जाएगी। संबंधित प्रकोष्ठों द्वारा आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति की जाएगी।

मतदान दलों को ड्यूटी प्रमाण पत्र टेंट संख्या 03 में
मतदान दलों को ड्यूटी प्रमाण पत्र जारी करने के लिए टेंट संख्या 03 में व्यवस्था की गई है। मतदान दलों द्वारा संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को समस्त निर्वाचन सामग्री जमा करवाने की रसीद प्रस्तुत करने एवं उसकी जांच के पश्चात उपस्थिति/ड्यूटी प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।

कार्मिक प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद,जोधपुर द्वारा ड्यूटी प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति की जाएगी। टेंट संख्या 03 में भी नगर पालिका वार पृथक- पृथक सब-काउंटर स्थापित किए जाएंगे।

तीनों टेंट राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय परिसर में
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान दलों की मतदान पश्चात सभी आवश्यक औपचारिकताओं को सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय,जोधपुर परिसर में तीन पृथक टेंट स्थापित किए गए हैं। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि निर्वाचन सामग्री जमा करवाने की रसीद की जांच के पश्चात भुगतान, वाहन अधिग्रहण मुक्ति तथा ड्यूटी प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो।