जोजरी में केमिकलयुक्त पानी छोड़ने वाली फैक्ट्री पकड़ी
- दो आरोपी दस्तयाब -फैक्ट्री सीज
- पाइप खोदकर निकाला
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोजरी में केमिकलयुक्त पानी छोड़ने वाली फैक्ट्री पकड़ी। जोजरी नदी में केमिकलयुक्त दूषित पानी छोडक़र प्रदूषण फैलाने के मामले में विवेक विहार थाना पुलिस और डीएसटी जोधपुर पश्चिम ने कार्रवाई करते हुए एक फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक सहित दो आरोपियों को दस्तयाब किया है। वहीं जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से फैक्ट्री को सीज कर दिया गया।
पुलिस आयुक्त जोधपुर अंशुमान भोमिया एवं पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम कमल शेखावत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त बोरानाडा हिमांशु शर्मा के सुपरविजन में विवेक विहार थानाधिकारी भवानीसिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने कार्रवाई की। डीएसटी टीम की सूचना पर पुलिस सालावास रेलवे फाटक के पास स्थित फैक्ट्री पहुंची। यहां कपड़ों की रंगाई-छपाई का काम चल रहा था। जांच के दौरान फैक्ट्री से निकलने वाला केमिकलयुक्त दूषित पानी नाली के जरिए बाहर छोड़ा जाना पाया गया।
युवक को जान से मारने की कोशिश का आरोप, दो गिरफ्तार
रंगाई-छपाई के लिए फैक्ट्री में 11 टेबल बनी हुई थीं, जिनमें से तीन पर कपड़ों की रंगाई-छपाई कर उन्हें सुखाया जा रहा था। इन टेबलों से रिसने वाले केमिकलयुक्त पानी को पाइप के माध्यम से जोजरी नदी की ओर प्रवाहित किया जा रहा था। मौके पर जेडीए तहसीलदार कैलाश इनाणिया एवं पटवारी विकास धायल पहुंचे और फैक्ट्री का निरीक्षण किया।
इसके बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जोधपुर के अधिकारी जितेंद्र सारस्वत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी की सहायता से दूषित पानी को नदी की ओर ले जाने वाले पाइप को खोदकर बाहर निकाला। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर अलग-अलग स्थानों पर तलाश की गई। लगातार सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने आरोपी तैलियों का बास,मदेरणा कॉलोनी निवासी मोहम्मद अयुब पुत्र फकीर मोहम्मद तथा आसिफ पुत्र मोहम्मद सलीम को दस्तयाब किया।
