ग्राम पंचायत बनाड़ में हुआ जिला स्तरीय पौधारोपण

पौधारोपण के साथ देखभाल और संरक्षण का लिया संकल्प

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ग्राम पंचायत बनाड़ में हुआ जिला स्तरीय पौधारोपण। वन विभाग एवं ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हरियालो राजस्थान-एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत गुरुवार को ग्राम पंचायत बनाड़ में जिला स्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हरित क्षेत्र का विस्तार करने के साथ-साथ आमजन में पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों की नियमित देखभाल के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव, परिवहन विभाग तथा अध्यक्ष,राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम भवानी सिंह देथा ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं श्रमिकों को पौधारोपण करने तथा रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण की शपथ दिलाई।

प्रभारी सचिव भवानी सिंह देथा ने कहा कि पौधारोपण मात्र एक दिन की गतिविधि नहीं,बल्कि आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित,स्वस्थ एवं पर्यावरण-संतुलित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प ले,तभी पौधारोपण अभियान अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सकेगा।

उन्होंने ग्रामीणों से पौधों को परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करने तथा अधिकाधिक लोगों को पौधारोपण अभियान से जोडऩे का आह्वान किया। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने भी पौधारोपण कर आमजन से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

जन्माष्टमी पर्व शुक्रवार को कृष्ण मंदिरों में की आकर्षक सजावट

उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमें शुद्ध ऑक्सीजन, छाया एवं बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने बनाड़ अमृत सरोवर तालाब परिसर में किए गए पौधारोपण, हॉर्टिकल्चर पार्क एवं पाथ-वे निर्माण कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ उपस्थित ग्रामीणों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं श्रमिकों को रोपित पौधों की नियमित देखभाल,संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार मेहरिया,उप वन संरक्षक आनंद कुमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहनलाल, आईएएस (प्रशिक्षु अधिकारी) उमेश कुमार मीणा,विकास अधिकारी हिमताराम चौधरी, अतिरिक्त विकास अधिकारी सोहनलाल सोनल,प्रशासक प्रतिनिधि चौधाराम,उषा चौधरी,ग्राम विकास अधिकारी,कनिष्ठ सहायक पंकी मण्डल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।