जन्माष्टमी पर्व शुक्रवार को कृष्ण मंदिरों में की आकर्षक सजावट

  • झांकियां सजाई
  • देर रात तक होंगे भजन- कीर्तन व मटकी फोड़ कार्यक्रम

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जन्माष्टमी पर्व शुक्रवार को कृष्ण मंदिरों में की आकर्षक सजावट। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व शुक्रवार को शहर में धूमधाम से मनाया जाएगा। भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी को भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लिया था। इस बार जन्माष्टमी चार सितंबर को है।

शहर के प्रमुख कृष्ण मंदिरों सहित विभिन्न मंदिरों और घरों में तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। साफ-सफाई और सजावट के साथ भगवान की आकर्षक झांकियां सजाई गई है। बाजारों में कान्हा की पोशाक,मुकुट,मोरपंख,बांसुरी, झूले और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए भीड़ पड़ रही है।

रामदेवरा जा रहे चाचा- भतीजे की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत

मान्यता अनुसार भाद्रपद कृष्ण अष्टमी को भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लिया था। हर वर्ष श्रद्धा और उल्लास से यह पर्व मनाया जाता है। विशेष रूप से बाल स्वरूप की पूजा होती है। श्रीकृष्ण का जन्म अष्टमी और रोहिणी नक्षत्र के संयोग में हुआ था,ऐसे में अष्टमी के साथ रोहिणी नक्षत्र के संयोग को विशेष माना जा रहा है।

जन्माष्टमी पर श्रद्धालु दिनभर व्रत-उपवास रखकर पूजा- अर्चना करेंगे। शाम होते ही मंदिरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे। विशेष रूप से बाल स्वरूप लड्डू गोपाल का श्रृंगार किया जाएगा, नए वस्त्र,मुकुट और आभूषण पहनाकर आकर्षक झूलों में विराजमान किया जाएगा। जन्म के समय रात 12 बजे विशेष पूजा-अर्चना होगी।

शंख और घंटियों की गूंज के बीच जन्मोत्सव मनाया जाएगा। आरती के बाद प्रसाद वितरित होगा। कई मंदिरों में पंचामृत से अभिषेक कर विशेष श्रृंगार होगा।मंदिरों में होंगे विशेष धार्मिक आयोजन विभिन्न कृष्ण मंदिरों में विशेष आयोजन की तैयारियां हैं। भजन- कीर्तन, कृष्ण लीला, झांकियों और विशेष श्रृंगार से जन्मोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा, कई स्थानों पर राधा- कृष्ण वेशभूषा में बच्चों को सजाकर कार्यक्रम होंगे।

श्रद्धालु माखन-मिश्री,पंचामृत, फल और मिष्ठान का भोग लगाकर पूजा करेंगे।पूर्व सांसद गजसिंह व हेमलता राज्ये 4 सितंबर को मेहरानगढ़ स्थित मुरली मनोहर मंदिर व सरदारपुरा स्थित राधे गोविंद मंदिर में आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में भाग लेंगे एवं पूजा अर्चना करेंगे। माजी श्रीचौहान साहिबा रिलिजियस ट्रस्ट के सचिव कल्याण सिंह राठौड़ ने बताया कि गज सिंह व महारानी हेमलता राज्ये रात्रि 10 बजे मेहरानगढ़ स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर में दर्शन व पूजा अर्चना करने के पश्चात सरदारपुरा स्थित श्रीराधे गोविंदजी मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में भाग लेंगे।

महादेव ग्रुप की ओर से उम्मेद उद्यान स्थित शिव मंदिर प्रांगण में 4 सितम्बर को कृष्ण जन्माष्टमी समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। संस्था के रामेश्वर चौहान व अजीत देवड़ा ने बताया कि इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भजन संध्या में श्री कृष्ण भगवान के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी तथा रात्रि में मटकी फोड व अन्य कार्यक्रम भी रखे गए है। नीरज अग्रवाल व संदीप चौहान ने बताया कि कृष्ण जन्माष्टमी पर संपूर्ण मंदिर परिसर को सजाया जाएगा तथा फूल मंडली का आयोजन किया जाएगा।

मटकी फोड कार्यक्रम के लिए विशेष तैयारियां की जा रही है। कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए नितिन देवड़ा,हिमांशु चौहान,महेंद्र चौधरी,रूद्र कच्छवाहा,मयंक,कार्तिक आदि सदस्य जुटे हुए हैं। पाल-गंगाणा रोड स्थित नवकार सिटी मे नवकार सोसायटी की ओर से 4 सितंबर को रात 8 बजे से मध्यरात्रि तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं नंदोत्सव के उपलक्ष्य में नंद के आनंद भयो जय हो नंदलाल की कार्यक्रम का आयोजन होगा,जिसमें गायिका मंजू डागा एंड पार्टी भगवान श्याम और उत्सव से ओतप्रोत भजनों की सरिता प्रवाहित करेगी। इस अवसर पर आयोजन स्थल को फूलमंडली व विशेष रोशनी से सजाया जाएगा और विभिन्न देव- प्रतिमाओं की मनोरम झांकियां सजाई जाएगी।

कोई बना कृष्ण-सुदामा तो कोई राधा
शहर की अधिकांश स्कूलों में गुरुवार को जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बच्चे राधा-कृष्ण, सुदामा, बलराम,गोपिकाएं आदि का स्वांग रच कर आए। इन बच्चों के बीच कई प्रतियोगिताएं भी हुई। स्कूलों में बच्चों को जन्माष्टमी पर्व का महत्व बताया गया। कार्यक्रमों में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने जोश और उमंग के साथ भाग लिया।