सोनू साइडिंग से 113 रेक लाइम स्टोन लदान, जोधपुर मंडल का नया रिकॉर्ड
अगस्त में कुल 114 रेक लदान से रेलवे को मिला 136.7 करोड़ रुपए का राजस्व
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सोनू साइडिंग से 113 रेक लाइम स्टोन लदान,जोधपुर मंडल का नया रिकॉर्ड। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए चालू वित्त वर्ष के अगस्त में 114 रेक चूना पत्थर का लदान कर नया मासिक रिकॉर्ड बनाया है। इनमें 113 रेक जैसलमेर के सोनू साइडिंग से तथा एक रेक बदवासी साइडिंग से लदान हुआ। इस लदान से रेलवे को 136.7 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आज
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि अगस्त में दर्ज यह उपलब्धि जून 2026 के पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से 2 रेक अधिक है। जून में मंडल से 112 रेक लाइम स्टोन का लदान हुआ था, जिसमें सोनू से 109 और बदवासी से 3 रेक शामिल थे।
डीआरएम के अनुसार अगस्त के कुल 114 रेक में सोनू साइडिंग की हिस्सेदारी करीब 99 प्रतिशत रही। जैसलमेर के सोनू क्षेत्र की लाइम स्टोन खदानों के निकट स्थित यह रेलवे साइडिंग खनिज को रेल रेक के माध्यम से देश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
स्टील और सीमेंट उद्योग के लिए महत्वपूर्ण
लाइम स्टोन स्टील और सीमेंट उद्योग के लिए महत्वपूर्ण कच्चा माल है। सोनू क्षेत्र से लदान किया जाने वाला लाइम स्टोन रेल के माध्यम से विभिन्न औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचाया जाता है। एक साथ बड़ी मात्रा में खनिज की ढुलाई की क्षमता के कारण रेलवे उद्योगों को कच्चे माल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इनका कहना है
यह रिकॉर्ड बेहतर माल लदान योजना,सूक्ष्म परिचालन नियोजन, साइडिंग प्रबंधन, विभागीय समन्वय और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।इस उपलब्धि के लिए संबंधितों को बधाई देता हूँ तथा मंडल पर माल लदान को और बढ़ाने तथा रेल परिवहन को उद्योगों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखा जाएगा।
– अनुराग त्रिपाठी
डीआरएम,जोधपुर
