मेले में गया परिवार पीछे से रिश्तेदार ने तोड़ा घर का ताला
पुलिस ने 24 घंटे में खोला चोरी का राज -गहने-नकदी बरामद -आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मेले में गया परिवार पीछे से रिश्तेदार ने तोड़ा घर का ताला। झंवर थाना पुलिस ने घर का ताला तोडक़र गहने और नकदी चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। खास बात यह सामने आई कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी पीड़िता के परिवार का ही रिश्तेदार निकला।
पुलिस ने आरोपी की निशान देही पर चोरी का माल भी बरामद किया है। थानाधिकारी प्रहलादसिंह के अनुसार 24 अगस्त को पीड़िता दोपहर में गांव में आयोजित भैरूपुरी जी के मेले में गई थी। कुछ समय बाद जब वह वापस घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए थे। घर की तलाशी लेने पर गहने और नकदी गायब थे।
इस पर 25 अगस्त को झंवर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर झंवर थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों के साथ संदिग्ध लोगों के संबंध में आसूचना जुटाई और तकनीकी सहायता से जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को एक युवक देवासियों की ढाणी, लूणावास खारा, थाना झंवर निवासी अणदाराम पुत्र मोडूराम देवासी पर संदेह हुआ, जिसे दस्तयाब कर पूछताछ की गई। गहन पूछताछ में युवक ने घर से गहने और नकदी चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए गहने और नकदी बरामद कर ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी पीड़िता के परिवार का रिश्तेदार है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
