Doordrishti News Logo

कार से 1.62 करोड़ की एमडी ड्रग बरामद

  • रक्षाबंधन पर एएनटीएफ का नागौर में बड़ा प्रहार
  • 5 किलो 400 ग्राम एमडी पकड़ी
  • जयपुर में सप्लाई की साजिश नाकाम
  • बालक निरूद्ध
  • कार जब्त

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कार से 1.62 करोड़ की एमडी ड्रग बरामद। राजस्थान पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) ने रक्षाबंधन के पर्व पर नागौर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर में भारी मात्रा में एमडी सप्लाई करने की कथित साजिश को नाकाम कर दिया।

इस कार्रवाई में 5 किलो 400 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद किया गया,जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपए बताई गई है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार को जब्त किया गया है।

महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में राज्यभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सूचना मिलने पर एएनटीएफ टीम ने नागौर जिले में संदिग्ध वाहन की गतिविधियों पर नजर रखी और नागौर से जयपुर की ओर जा रही एमडी की खेप को जयपुर पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया।

30 अगस्त को अवकाश के कारण नहीं लिए जाएंगे नाम निर्देशन पत्र

खलासी सीट के नीचे मिली एमडी ड्रग 
सूचना के आधार पर ग्राम दुगौली क्षेत्र में खारी- जोधा मार्ग पर देवनारायण बगीची के सामने निगरानी एवं नाकाबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर स्थानीय पुलिस की सहायता से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की खलासी सीट के नीचे रखे एक पैकेट से पांच प्लास्टिक थैलियों में अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद हुआ।

नागौर से जयपुर भेजनी थी,18 लाख का लेन देन का पता लगा 
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि एमडी की यह खेप नागौर क्षेत्र से जयपुर ले जाकर कथित रूप से विभिन्न पार्टियों में सप्लाई की जानी थी। आईजी विकास कुमार के अनुसार बाल अपचारी के मोबाइल फोन को जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। मोबाइल में मौजूद एक अकाउंटिंग ऐप से करीब 18 लाख रुपए के लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात भी सामने आई है।

आईजी विकास कुमार ने बताया कि मामले में एमडी उपलब्ध करवाने वाले मुख्य सप्लायर, परिवहन में सहयोग करने वाले व्यक्तियों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की पहचान के लिए गहन अनुसंधान जारी है। टीम का उद्देश्य केवल मादक पदार्थ की बरामदगी तक सीमित नहीं,बल्कि इसके स्रोत,सप्लायर,रिसीवर और पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंचना है।

एएनटीएफ के गठन के करीब 10 महीनों में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ एमडी बरामद कर कई तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में एएनटीएफ टीम एवं पुलिस थाना जायल,जिला नागौर की विशेष भूमिका रही। महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने कार्रवाई में शामिल टीमों को विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यालय में सम्मानित किए जाने की बात कही है।