मंडोर थाने में कांस्टेबल को थप्पड़ मारने का आरोप
राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मंडोर थाने में कांस्टेबल को थप्पड़ मारने का आरोप।मंडोर थाने में शराब के नशे में धुत एक मोटरसाइकिल चालक और उसके परिजनों द्वारा पुलिस जाब्ते के साथ बदसलूकी, मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों को लेकर मामला दर्ज किया गया है।
मंडोर थाने के एएसआई नरपत राम की ओर से दी रिपोर्ट के अनुसार 14 जून को रात करीब दस बजे मंडोर थाने के एएसआई जगदीशचन्द्र और वो खुद क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की निगरानी पर थे। इसी दौरान किशोर बाग टाक वाइन्स के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटर साइकिल लहराते हुए आ रहे एक शख्स को रोका। पूछताछ के दौरान उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। जब पुलिस ने उसे शराब पीने के बारे में पूछा तो वह बहस करने लगा।
पुलिस टीम ने जब शराब की मात्रा जांचने के लिए ब्रेथ एनलाइजर मशीन आगे बढ़ाई,तो उसने मशीन में थूक दिया,जिससे मशीन ने काम करना बंद कर दिया और खराब हो गई। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान ब्रज बावड़ी लालसागर निवासी विशनसिंह पुत्र नैनसिंह के रूप में हुई।
12 साल पुराने स्मैक के मामले में दो साल की सजा
इसके बाद पुलिस टीम उसे मंडोर चौकी लेकर आई और मशीन को चार्ज किया,लेकिन वह चालू नहीं हुई। इसके बाद आरोपी की जांच के लिए उसे महामंदिर थाने ले जाया गया,जहां मशीन में उसकी एल्कोहल रीडिंग 380 एमजी/100 एमएल आई,जो कि तय सीमा से कई गुना ज्यादा है। इसके बाद पुलिस ने उसकी बाइक जब्त कर चालान काटा और उसे घर जाने को कहा,तो वह आक्रोशित हो गया। उसने पुलिस स्टाफ के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
इतना ही नहीं जब पुलिस आरोपी विशनसिंह को लेकर मंडोर थाने पहुंची,तो वहां उसका पुत्र कुलदीप सिंह उर्फ रुद्रपालसिंह भी पहुंच गया। पुलिस का आरोप है कि उसने तैश में आकर पुलिस जाब्ते से उलझना शुरू कर दिया और कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह को थप्पड़ मार दिया। घटना के कुछ ही देर बाद आरोपी विशनसिंह की पत्नी नीलम कंवर भी अपने साथ एक अन्य व्यक्ति को लेकर थाने पहुंच गई। तीनों ने मिलकर थाने के भीतर हंगामा किया।
उन्होंने अपने मोबाइल फोन से पुलिसकर्मियों की वीडियोग्राफी शुरू कर दी और देख लेने की धमकी दी। उन्होंने सीएलजी सदस्य होने की धौंस दिखाई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी विशनसिंह को गिरफ्तार किया। उसकी पत्नी नीलमकंवर,पुत्र कुलदीप सिंह और एक अन्य साथी के खिलाफ राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
