Doordrishti News Logo

एक्सीडेंट का आरोप लगा बुजुर्ग को रुकवा 8 हजार छीनकर भागे

-मोटरसाइकिल सवार बदमाश
-एमडीएम अस्पताल जा रहे बुजुर्ग के साथ हुई घटना

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एक्सीडेंट का आरोप लगा बुजुर्ग को रुकवा 8 हजार छीनकर भागे। इलाज करवाने एमडीएम अस्पताल जा रहे वृद्ध का रोटरी चौराहे पर दो बदमाशों ने एक्सीडेंट का आरोप लगा उनके पास से 8 हजार रुपए छीनकर भाग निकले। घटना रोटरी बालाजी चौराहे के पास की है। पीड़ित ने शास्त्री नगर थाने में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक महामंदिर निवासी दिनेश कुमार परिहार ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि वह स्कूटी से एमडीएम अस्पताल दांतों का इलाज कराने जा रहे थे। रोटरी चौराहे के पास दो युवक बाइक लेकर आए और उनकी स्कूटी रुकवा दी।

युवकों ने कहा कि उनकी गाड़ी से बाइक टकरा गई है। इसके बाद दोनों उनसे बहस करने लगे और बोले कि जेब में कितने पैसे हैं, निकालकर दिखाओ। बुजुर्ग ने जैसे ही पैसे दिखाए,दोनों युवक झपट्टा मारकर नकदी छीनकर भाग गए। आरोपियों ने हेलमेट पहन रखे थे, जिससे उनके चेहरे नजर नहीं आए। दोनों की उम्र करीब 25 से 30 साल बताई गई है।