माल लदान में जोधपुर मंडल 40 फीसदी बढ़ोतरी के साथ जोन में अव्वल
- राजस्व में 55 प्रतिशत उछाल
- लक्ष्य से काफी आगे निकला मंडल
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),माल लदान में जोधपुर मंडल 40 फीसदी बढ़ोतरी के साथ जोन में अव्वल। उत्तर पश्चिम रेलवे में माल ढुलाई के क्षेत्र में जोधपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों को पीछे छोड़ दिया है।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि मई 2026 तक जोधपुर मंडल ने 1.42 मिलियन टन माल लदान कर पिछले वर्ष की तुलना में 40.01 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की। 1.10 मिलियन टन के लक्ष्य के मुकाबले यह उपलब्धि करीब 29 प्रतिशत अधिक रही।
उल्लेखनीय सेवाओं के लिए बृजेश व्यास सम्मानित
माल लदान वृद्धि के मामले में अजमेर मंडल 27.9 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ दूसरे स्थान पर रहा। बीकानेर मंडल ने 6.69 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की, जबकि जयपुर मंडल का प्रदर्शन पिछड़ गया और वहां 7.59 प्रतिशत की गिरावट रही।
कमाई में भी जोधपुर सबसे आगे
वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह के अनुसार माल ढुलाई से होने वाली आय में भी जोधपुर मंडल ने नया रिकॉर्ड बनाया है। मंडल ने मई तक 296.99 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया,जो पिछले वर्ष के 192 करोड़ रुपए की तुलना में 54.68 प्रतिशत अधिक है। यह उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों में सर्वाधिक वृद्धि है।
अजमेर मंडल ने 175.41 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित कर 16.86 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की,जबकि बीकानेर और जयपुर मंडलों में क्रमशः 3.57 तथा 9.39 प्रतिशत की गिरावट रही।
उत्तर पश्चिम रेलवे को 707 करोड़ की कमाई
उत्तर पश्चिम रेलवे ने मई तक 5.39 मिलियन टन माल लदान कर 18.36 प्रतिशत वृद्धि हासिल की। माल ढुलाई से रेलवे को 707.06 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ,जो पिछले वर्ष की तुलना में 18.95 प्रतिशत अधिक है।
रेल के अनुसार सीमेंट,चूना पत्थर,खनिज और अन्य औद्योगिक वस्तुओं की बढ़ी ढुलाई ने जोधपुर मंडल को माल परिवहन और राजस्व अर्जन का सबसे मजबूत केंद्र बना दिया।
