स्वच्छता पखवाड़ा अभियान में उत्तर पश्चिम रेलवे देश में दूसरे स्थान पर

जोधपुर मंडल पर भी जनभागीदारी के साथ आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),स्वच्छता पखवाड़ा अभियान में उत्तर पश्चिम रेलवे देश में दूसरे स्थान पर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने दसवें स्वच्छता पखवाड़ा अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देशभर में दूसरा स्थान अर्जित कर अपनी श्रेष्ठता कायम रखी है। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार स्वच्छता अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रीय रेलवे के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के बाद यह घोषणा की गई।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेल मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी पत्र में कहा गया है कि दसवें स्वच्छता पखवाड़ा अभियान की दैनिक एवं अंतिम रिपोर्टों के मूल्यांकन तथा सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले रेलवे प्रतिष्ठानों की सूची जारी की गई है। इसमें उत्तर पूर्व रेलवे को प्रथम,उत्तर पश्चिम रेलवे को द्वितीय तथा दक्षिण रेलवे को तृतीय स्थान प्रदान किया गया है।

राजस्थान संपर्क क्रांति में बढ़ेंगे 3 अतिरिक्त डिब्बे

रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (ईएनएचएम) बिनय कुमार झा द्वारा जारी आदेश में इस उपलब्धि की आधिकारिक घोषणा की गई है। त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ के निर्देशानुसार जोधपुर मंडल पर भी स्वच्छता पखवाड़ा व्यापक जनभागीदारी और उत्साह के साथ मनाया गया। अभियान के दौरान स्वच्छता को बढ़ावा देने और जनसहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

जलशक्ति मंत्रालय द्वारा स्थापित है पुरस्कार
उन्होंने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय द्वारा प्रत्येक मंत्रालय के लिए स्वच्छता पखवाड़ा पुरस्कार स्थापित किए गए हैं,ताकि अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्रीय कार्यालयों एवं अधीनस्थ संगठनों को सम्मानित किया जा सके।

डीआरएम ने दी बधाई
स्वच्छता पखवाड़े में देशभर में उत्तर पश्चिम रेलवे को दूसरा स्थान प्राप्त होने पर डीआरएम ने जोधपुर मंडल के सभी शाखाध्यक्षों, सुपरवाइजर व कर्मचारियों को बधाई देते हुए अभियान अनवरत जारी रखने के निर्देश दिए हैं।