रसाला रोड पर मकान में हुई चोरी का खुलासा,दो नकबजन गिरफ्तार
बिना नंबरी गाड़ी से करते रैकी -फिर देते वारदात को अंजाम
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रसाला रोड पर मकान में हुई चोरी का खुलासा, दो नकबजन गिरफ्तार। शहर के महामंदिर पुलिस ने रसाला रोड पर हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर नकबजनों को पकड़ा है। घटना तीन दिन पहले हुई थी। महामंदिर थाना पुलिस ने नकबजनी की वारदातों में शामिल दो आरोपियों फिरोज और सुनील उर्फ चंदा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में दो अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ है। दोनों के खिलाफ पहले से 3 दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीसीपी (पूर्व) पीडी नित्या ने बताया कि 21 फरवरी 2026 को रसाला रोड निवासी इंद्र गोयल के मकान का ताला तोडक़र कीमती सामान, जेवरात और करीब 2 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद दबिश देकर दोनों आरोपियों सदर बाजार स्थित भील बस्ती निवासी सुनील उर्फ चंदा पुत्र राजूराम भील और सूरसागर स्थित कबीर नगर निवासी फिरोज खान पुत्र असलम खां को गिरफ्तार किया है।
जेडीए में 150 भूखंडों की ई नीलामी प्रक्रिया आज से
बिना नंबरी गाड़ी से रैकी, फिर करते वारदात
महामंदिर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि आरोपी बिना नंबर की दोपहिया वाहन से रात के समय तालाबंद मकानों की रैकी करते थे। इसके बाद संकरी गलियों से फरार हो जाते थे। दोनों आरोपियों को पीसी रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान और वारदातों के खुलासे तथा चोरी के माल की बरामदगी की संभावना जताई जा रही है।
